पाली ब्लॉक में बनेगा आधुनिक बत्तख प्रजनन केंद्र: 4 एकड़ भूमि मिलते ही शुरू होगा निर्माण, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में शहर को जल्द बड़ी सौगात मिल सकती है। सहजनवा तहसील क्षेत्र में आधुनिक बत्तख प्रजनन एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पशुपालन विभाग ने शासन के निर्देश पर करीब चार एकड़ निःशुल्क भूमि की मांग की है। वर्तमान में पाली ब्लॉक में उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, भूमि चिह्नित होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। इस परियोजना का उद्देश्य किसानों और युवाओं को आधुनिक तकनीक से बत्तख पालन का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
पूर्वांचल के किसानों को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित केंद्र में उन्नत नस्ल के बत्तखों के प्रजनन की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं और विभागीय कर्मियों के लिए आवासीय परिसर भी बनाया जाएगा। इस केंद्र से केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के कई जिलों के किसान और बेरोजगार युवा भी लाभान्वित होंगे।
भूमि मिलते ही आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
सहजनवा के उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रत्नाकर सिंह ने बताया कि बत्तख प्रजनन एवं प्रशिक्षण केंद्र की योजना पर काम चल रहा है। राजस्व विभाग से भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। जमीन मिलते ही परियोजना की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









