प्रेम-प्रसंग में घायल युवक की मौत: बॉडी रखकर फोरलेन किया जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन

गोरखपुर|1 घंटा पहले
बॉडी रखकर फोरलेन किया जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन

गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो टोला संझाई में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल युवक रामरतन की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। पोस्टमॉर्टम के बाद बॉडी गांव पहुंचते ही स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। भटहट-बांसस्थान फोरलेन पर बॉडी रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमरजीत बेंगलुरु में पेंटिंग का काम करता था। उसकी अनुपस्थिति में पत्नी का पड़ोस के एक युवक से प्रेम संबंध हो गया था। घर लौटने पर अमरजीत को इसकी जानकारी हुई। जिसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत के फैसले के तहत उसकी पत्नी युवक के साथ रहने लगी। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम के बाद अमरजीत मानसिक रूप से आक्रोशित था। आरोप है कि 27 मई की रात उसने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे रामरतन और श्रवण पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का उपचार बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। जहां बुधवार को रामरतन ने दम तोड़ दिया।

ढाई घंटे तक चला गतिरोध, बाद में खुला जाम

रामरतन की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। पोस्टमॉर्टम के बाद बॉडी लेकर पहुंचे स्वजन ने ग्रामीणों के साथ फोरलेन जाम कर दिया। 10 लाख रुपये मुआवजा, परिवार की सुरक्षा तथा मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह समेत कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे रहे। करीब ढाई घंटे तक चले गतिरोध के बाद भी जब सहमति नहीं बनी तो एसडीएम दीपक गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रशासन के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

शाम तक स्थिति सामान्य न होने पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए बॉडी को पोस्टमॉर्टम वाहन से श्मशान घाट भिजवाया। वहां भी स्वजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और सुरक्षा का भरोसा दिए जाने के बाद मृतक के पुत्र सूरज ने अंतिम संस्कार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। शेष आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।