गोरखपुर में नदी में नहाने गया छात्र लापता: परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप, लोगों ने 6 घंटे तक किया चक्काजाम

गोरखपुर|
परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप, लोगों ने 6 घंटे तक किया चक्काजाम

शहर में राप्ती नदी में नहाने गए 10वीं के छात्र प्रिंस के लापता होने के बाद परिजनों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। परिवार ने छात्र के साथ गए दो दोस्तों पर हत्या कर शव नदी में छिपाने का आरोप लगाया है। परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रांसपोर्ट नगर के पास मुख्य सड़क करीब छह घंटे तक जाम रखी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के समझाने के बाद जाम समाप्त कराया जा सका। छात्र की तलाश में SDRF और गोताखोरों की टीमें लगातार नदी में अभियान चला रही हैं।

रामगढ़ताल क्षेत्र के सेमरा देवी प्रसाद छोटका पथरा निवासी सत्यपाल निषाद का 16 वर्षीय बेटा प्रिंस एमजी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। मंगलवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद शाम करीब 3:30 बजे राजघाट क्षेत्र के चकरा दोयम निवासी उसके दो दोस्त स्कूटी से घर पहुंचे। दोनों उसे अपने साथ राप्ती नदी ले गए। दोस्तों ने परिवार को बताया कि नहाते समय प्रिंस गहरे पानी में चला गया और डूब गया। इसके बाद दोनों उसके कपड़े और मोबाइल लेकर घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और SDRF ने नदी में तलाश शुरू कर दी।

नदी किनारे मिले चप्पल, कपड़े और मोबाइल

तलाशी के दौरान नदी किनारे प्रिंस की चप्पल मिली। अमरूतानी के पास उसके कपड़े और मोबाइल भी बरामद हुए। बुधवार रात तक SDRF और गोताखोरों ने नदी में तलाश जारी रखी, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच परिवार ने दोनों दोस्तों पर शक जताया। परिजनों का कहना है कि प्रिंस और दोनों युवकों के बीच करीब तीन महीने पहले विवाद हुआ था। घटना से तीन दिन पहले और मंगलवार को भी उनके बीच विवाद होने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर परिवार ने हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है।

छह घंटे तक ट्रांसपोर्ट नगर में परिजनों ने किया प्रदर्शन

प्रिंस के लापता होने और हत्या की आशंका से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रांसपोर्ट नगर के पास मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर, सीओ कैंट और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और छात्र को तलाशने का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।

SDRF की टीमें नदी में छात्र की कर रही तलाश

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि छात्र की मां सुभावती देवी की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस और SDRF की टीमें राप्ती नदी में छात्र की तलाश कर रही हैं। दोनों दोस्तों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।