गोरखपुर में शत-प्रतिशत कूड़ा कलेक्शन पर जोर: हर घर की होगी सख्त निगरानी, यूजर चार्ज वसूली 10% बढ़ाने का लक्ष्य

शहर में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को पूरी तरह व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में जोन संख्या-1 के 17 वार्डों की सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान और कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि हर घर से नियमित रूप से शत-प्रतिशत कूड़ा उठना चाहिए और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में 17 वार्डों के सुपरवाइजर, मेठ और 58 डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के चालकों के काम की समीक्षा हुई। शाम के समय लगने वाले प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानों और ठेलों से निकलने वाले कचरे को समय पर उठाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बाजार बंद होने के बाद सड़क और आसपास के क्षेत्रों में कचरा जमा न हो। नगर आयुक्त ने हर महीने यूजर चार्ज की वसूली में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य भी तय किया है।
प्रत्येक वार्ड का बनाया जाएगा व्हाट्सऐप ग्रुप
नगर निगम सभी मकानों की जानकारी अपडेट करेगा और प्रत्येक वार्ड के नागरिकों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इन ग्रुप के जरिए कूड़ा उठाने वाले वाहनों के रूट, समय और यूजर चार्ज से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी। लोगों को घर पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही नगर निगम क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे कर उनकी टैगिंग की जाएगी, जिससे कचरे के उठान और यूजर चार्ज की वसूली को व्यवस्थित किया जा सके।
वाहनों की दो ट्रिप अनिवार्य
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों को रोजाना दो ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वाहनों को समय पर पार्किंग से निकालकर निर्धारित बीट पर पहुंचना होगा। बीट पर कम समय देने, समय से वाहन नहीं निकालने या कूड़ा उठान में लापरवाही करने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को वाहनों और कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
सुबह से दोपहर तक तय रहेगा सफाई शेड्यूल
नई समय-सारणी के अनुसार सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक बीट कर्मचारी ठेले और झाड़ू के साथ गलियों की सफाई करेंगे। प्रत्येक 500 मीटर क्षेत्र में सफाई सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी मुख्य सफाई निरीक्षक की होगी। इसके बाद सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक सार्वजनिक स्थानों और खाली प्लॉटों की सफाई की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल सैनिट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अनुष्का सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश बिरौनिया समेत PMU और IEC टीम के सदस्य मौजूद रहे।











