गोरखपुर जेडी ऑफिस में रिश्वतखोरी का खेल: रिटायर्ड शिक्षिका से मांगे 10 हजार रुपये, एंटी करप्शन टीम ने बाबू को दबोचा

गोरखपुर|
रिटायर्ड शिक्षिका से मांगे 10 हजार रुपये, एंटी करप्शन टीम ने बाबू को दबोचा

शहर में शिक्षा विभाग के संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने पटल सहायक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ अरेस्ट किया। आरोपी शहनवाज आलम पर रिटायर्ड शिक्षिका के ईएल नकदीकरण की पत्रावली आगे बढ़ाने के बदले रकम मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की।

रामगढ़ताल क्षेत्र की गौतम विहार कॉलोनी निवासी दिव्यांशु पांडेय ने 14 अगस्त 2026 को एंटी करप्शन के प्रभारी को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां सरोज दूबे राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हाटा, कुशीनगर में प्रवक्ता और प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद से 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके जीपीएफ और पेंशन समेत अन्य भुगतान हो चुके हैं, लेकिन 300 दिनों के ईएल नकदीकरण की करीब 15 लाख रुपये की राशि का भुगतान बाकी है। इसकी प्रक्रिया संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर कार्यालय से होनी है और संबंधित पत्रावली पटल सहायक शहनवाज आलम के पास लंबित थी।

शिकायत की जांच के बाद तैयार किया ट्रैप

आरोप है कि शहनवाज आलम ने ईएल नकदीकरण की राशि जारी कराने के एवज में 10 हजार रुपये मांगे थे। एंटी करप्शन थाना प्रभारी संतोष कुमार दीक्षित के अनुसार, शिकायत की गोपनीय जांच कराई गई। इसमें रिश्वत मांगने की बात सही मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई की रणनीति बनाई। एंटी करप्शन टीम जेडी कार्यालय पहुंची और आरोपी को रकम लेते पकड़ लिया।

कैंट थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर

आरोपी शहनवाज आलम जेडी कार्यालय में पटल सहायक के पद पर तैनात है और कुशीनगर के चौरा खास बेलवा खुर्द गांव का निवासी बताया गया है। टीम ने उसे हिरासत में लेने के बाद कैंट थाने पहुंचाया। वहां एंटी करप्शन टीम की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही जेडी कार्यालय के साथ डीआईओएस और बीएसए कार्यालयों में भी कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।