गोरखपुर में चलती बाइक बनी आग का गोला: वाहन से अचानक निकलने लगा धुआं, बाल-बाल बचे तीनों सवार

उनवल-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर जरलही गांव के आगे चलती बाइक में अचानक आग लगने से दहशत मच गई। बाइक पर गोरशैरा गांव निवासी विपिन के साथ एक महिला और बच्चा सवार थे। बाइक से धुआं निकलते ही विपिन ने तत्काल वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद महिला और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारकर तीनों बाइक से दूर चले गए। कुछ ही देर में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, विपिन महिला और बच्चे के साथ बाइक से उनवल-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर जा रहे थे। जरलही गांव के आगे पहुंचते ही बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षण में बाइक के एक हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति भांपते हुए विपिन ने बिना समय गंवाए बाइक को सड़क के किनारे रोक दिया। बाइक रुकते ही उन्होंने दोनों को नीचे उतारा और सुरक्षित दूरी पर ले गए।
देखते ही देखते धू-धूकर जली बाइक
बाइक से उतरने के बाद महिला और बच्चे समेत तीनों लोग सुरक्षित स्थान पर चले गए। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई और पूरी बाइक धू-धूकर जलने लगी। सड़क से गुजर रहे राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों की नजर जब जलती बाइक पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जुट गई। आग की लपटें देखकर कुछ समय के लिए मार्ग पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि, समय रहते बाइक रोकने और सवारों को उतारने से बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी खराबी की आशंका
घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। बाइक में आग लगने की वास्तविक वजह तत्काल सामने नहीं आ सकी। प्रथम दृष्टया किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में बाइक सवार महिला, बच्चा और विपिन सुरक्षित रहे। समय रहते बरती गई सावधानी के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।











