गोरखपुर रेलखंड पर मरम्मत का काम हुआ शुरू: 25 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी प्रभावित, कई सवारी गाड़ियों का संचालन रहेगा बंद

गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर दोहरीकरण के काम के चलते 30 अगस्त से चार सितंबर तक रेल संचालन प्रभावित रहेगा। गोरखपुर कैंट और उनौला के बीच 7.64 किलोमीटर लंबे हिस्से में पैच दोहरीकरण पूरा करने के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा। तीन सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने, मार्ग बदलने और निर्धारित स्टेशन से पहले रोकने का निर्णय लिया है।
31 अगस्त से तीन सितंबर तक नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी ट्रेन संख्या 55095 निरस्त रहेगी। 31 अगस्त से चार सितंबर तक गोरखपुर कैंट-सीवान 55036, सीवान-गोरखपुर कैंट 55035 और सीवान-थावे-सीवान 55037/55038 भी नहीं चलेंगी। नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट 55097 एक से चार सितंबर तथा गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज 55098 31 अगस्त से तीन सितंबर तक निरस्त रहेगी। छपरा-नकहा जंगल 55055 और गोरखपुर-छपरा 55056 एक से तीन सितंबर तक नहीं चलेंगी। तीन सितंबर को भटनी-अयोध्या धाम 65115/65116, छपरा-थावे 75103 और थावे-नकहा जंगल 75105 भी निरस्त रहेंगी।
बदले मार्ग से चलेंगी लंबी दूरी की ट्रेनें
अमृतसर-दरभंगा और अमृतसर-जयनगर सहित कई प्रमुख ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस एक और दो सितंबर को रोजा, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, वाराणसी और छपरा ग्रामीण होकर चलेगी। इससे गोरखपुर, बस्ती, खलीलाबाद और देवरिया सदर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। हावड़ा-काठगोदाम और काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर, ललितग्राम-नई दिल्ली, कटिहार-अमृतसर, दरभंगा-नई दिल्ली, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ और खातीपुरा-दरभंगा एक्सप्रेस का भी गोरखपुर में ठहराव नहीं रहेगा।
गोरखपुर के बजाय दूसरे स्टेशनों तक आएंगी ट्रेनें
बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस दो और तीन सितंबर को देवरिया सदर तक चलेगी। गोमती नगर-गोरखपुर एक्सप्रेस आनंद नगर और अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस एक व दो सितंबर को भटनी तक आएगी। दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस एक सितंबर को मऊ तक सीमित रहेगी, जबकि 3 सितंबर की गोरखपुर-दादर सेवा मऊ से शुरू होगी। गोरखपुर कैंट की वाराणसी सिटी वाली ट्रेनें भी 30 अगस्त और दो सितंबर को भटनी से चलेंगी।
कई ट्रेनों का समय भी बदला
तीन सितंबर को गोरखपुर-बठिण्डा एक्सप्रेस 180 मिनट, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस और गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस 150 मिनट की देरी से चलेंगी। गोरखपुर-गोंडा सवारी ट्रेन 120 मिनट और गोरखपुर-थावे डेमू 180 मिनट पुनर्निर्धारित रहेगी। कुछ ट्रेनों को रास्ते में 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित भी किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।











