गोरखपुर में बंद फैक्ट्रियों की जमीन खरीदेगी यूपीसीडा,: बाजार दर का 90 फीसदी मिलेगा पैसा, उद्यमियों को खरीदार तलाशने की जरूरत नहीं

गोरखपुर|
बाजार दर का 90 फीसदी मिलेगा पैसा, उद्यमियों को खरीदार तलाशने की जरूरत नहीं

लंबे समय से बंद या रुग्ण औद्योगिक इकाइयों के कारण अटके भूखंडों को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है। यूपीसीडा ने गोरखपुर-बस्ती मंडल और मऊ के 229 आवंटियों को नोटिस भेजकर इकाइयों की मौजूदा स्थिति और बंद होने की वजह मांगी है। इन भूखंडों पर या तो अब तक औद्योगिक इकाई स्थापित नहीं हो सकी है या स्थापित इकाई लंबे समय से बंद पड़ी है। सबसे अधिक 55 नोटिस बस्ती के उद्यमियों को जारी किए गए हैं।

नई व्यवस्था में लंबे समय से बंद या बीमार इकाई को दोबारा शुरू करने में असमर्थ उद्यमियों के लिए भूखंड से बाहर निकलने का रास्ता तैयार किया गया है। ऐसे मामलों में यूपीसीडा प्रचलित बाजार दर के 90 प्रतिशत मूल्य पर भूखंड वापस खरीदने को तैयार है। इससे वर्षों से बंद औद्योगिक इकाइयों में फंसी उद्यमियों की पूंजी वापस मिलने की संभावना बनेगी। साथ ही ऐसे भूखंडों के निस्तारण का रास्ता भी साफ हो सकेगा।

नोटिस के बाद होगी मामलेवार पड़ताल

यूपीसीडा की लखनऊ में हुई बोर्ड बैठक में बंद और रुग्ण औद्योगिक इकाइयों के भूखंड स्वयं वापस लेने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के आधार पर क्षेत्रीय स्तर पर ऐसे भूखंडों की पहचान कर आवंटियों को नोटिस भेजे गए हैं। नोटिस में इकाई के बंद या रुग्ण होने का कारण, वर्तमान स्थिति और संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। आवंटियों के जवाब मिलने के बाद प्रत्येक मामले की अलग-अलग स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।

जवाब के बाद मुख्यालय से मांगे जाएंगे निर्देश

यूपीसीडा अधिकारियों के मुताबिक, आवंटियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी। मामलों की जांच के बाद भूखंड वापस लेने अथवा अन्य कार्रवाई के संबंध में मुख्यालय से दिशा-निर्देश मांगे जाएंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा धर्मचंद ने बताया कि बोर्ड बैठक के निर्णय के क्रम में 229 आवंटियों को नोटिस दिए गए हैं। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यालय से दिशा-निर्देश लिए जाएंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।