गोरखपुर में साइड नहीं मिली तो बस पर किया पथराव: यात्रियों के उतरते ही भागे युवक, पुलिस की हिरासत में दो आरोपी

गीडा क्षेत्र में ओवरटेक के लिए रास्ता नहीं मिलने पर कार सवार युवकों ने लखनऊ से गोरखपुर आ रही रोडवेज बस को रोककर पहले विवाद किया और बाद में पथराव कर दिया। नौसड़ के पास हुई घटना में यात्रियों के बीच दहशत मच गई। आरोप है कि राजघाट पुल से पहले बाइक सवार तीन युवकों ने बस पर पत्थर फेंके और बस रुकने के बाद कंडक्टर का बैग छीनने का प्रयास किया। यात्रियों के नीचे उतरते ही तीनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और एक बाइक भी बरामद की है।
गोरखपुर डिपो की बस करीब 33 यात्रियों को लेकर लखनऊ से गोरखपुर आ रही थी। कंडक्टर विकास कुमार के अनुसार, रात करीब 11 बजे कालेसर के पास पीछे से आ रही कार में सवार युवक लगातार ओवरटेक करने के लिए हार्न बजा रहे थे। उस समय सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण चालक तत्काल साइड नहीं दे सका। आगे रास्ता मिलने पर चालक ने कार को निकलने का मौका दे दिया, लेकिन इसके बाद भी कार सवार युवक नौसड़ से पहले बस को रुकवाकर चालक से कहासुनी करने लगे।
चौकी पहुंचने पर नहीं आए युवक
आरोप है कि युवकों ने चालक को धमकाया और चौकी चलने के लिए कहा। विवाद बढ़ने पर चालक बस लेकर नौसड़ पुलिस चौकी पहुंचा, लेकिन कार सवार युवक वहां नहीं पहुंचे। चौकी से बस आगे बढ़ी तो बाइक पर सवार तीन युवक उसके पीछे लग गए। राजघाट पुल से पहले उन्होंने अचानक बस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं आई।
बैग छीनने का किया प्रयास
पत्थर लगने के बाद चालक ने पुल से पहले बस रोक दी। आरोप है कि तीनों युवक बस में चढ़ गए और कंडक्टर विकास कुमार का बैग छीनने की कोशिश की। कंडक्टर के शोर मचाने पर यात्री नीचे उतरने लगे। यात्रियों को अपनी ओर आता देख तीनों युवक बाइक लेकर भाग निकले। घटना के बाद चालक और कंडक्टर ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर मिली है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











