गोरखपुर से बांद्रा तक दौड़ेगी दूसरी अमृत भारत: 28 अगस्त से शुरू होगी साप्ताहिक सेवा, 22 कोच की ट्रेन में स्लीपर सुविधा

गोरखपुर|
28 अगस्त से शुरू होगी साप्ताहिक सेवा, 22 कोच की ट्रेन में स्लीपर सुविधा

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर से दूसरी अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत का रास्ता साफ हो गया है। गोरखपुर और बांद्रा टर्मिनस के बीच 28 अगस्त से नियमित साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा। यह सेवा पहले से चल रही 05053/05054 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर विशेष ट्रेन की जगह लेगी। नई ट्रेन को 15085/15086 नंबर से चलाया जाएगा। गोरखपुर से यह ट्रेन हर शुक्रवार और बांद्रा टर्मिनस से हर शनिवार रवाना होगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 और शयनयान श्रेणी के आठ कोच समेत कुल 22 कोच होंगे। इसमें पेंट्रीकार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। गोरखपुर से दिल्ली के बीच पहली साप्ताहिक अमृत भारत ट्रेन की घोषणा पहले ही हो चुकी है। वह 27 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार को गोरखपुर से और 28 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार को दिल्ली से चलेगी।

गोरखपुर से सुबह 7:50 बजे होगी रवाना

15085 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 अगस्त से हर शुक्रवार सुबह 7:50 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, कानपुर सेंट्रल, आगरा फोर्ट, कोटा, रतलाम और सूरत होते हुए ट्रेन अगले दिन शाम 6 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में 15086 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अमृत भारत 29 अगस्त से हर शनिवार रात 9:20 बजे चलेगी। बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, रतलाम, कोटा, आगरा फोर्ट, कानपुर सेंट्रल, बादशाहनगर, गोंडा और बस्ती होते हुए यह तीसरे दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

130 किलोमीटर प्रति घंटे तक रफ्तार

अमृत भारत ट्रेन के दोनों सिरों पर इंजन होते हैं और यह पुश-पुल तकनीक पर संचालित होती है। यह गैर वातानुकूलित एक्सप्रेस ट्रेन है, जिसमें सामान्य और शयनयान श्रेणी के कोच होते हैं। इसकी अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। यात्रियों के लिए मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, आरामदायक सफर के लिए एयर स्प्रिंग बॉडी, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स, दिव्यांगजन अनुकूल प्रसाधन, अग्नि पहचान प्रणाली, टॉक बैक यूनिट और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं दी गई हैं। आने वाले दिनों में वंदे भारत के साथ अमृत भारत ट्रेनों का संचालन बढ़ाने की योजना है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।