गोरखपुर में छत पर मिला खून से सना शव: सिर पर मिले चोट के निशान, रॉड से हमले की आशंका

खोराबार क्षेत्र के सिक्टौर स्थित पासी टोला में एक युवक का खून से सना शव उसके घर की छत पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रदीप पासवान के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु या रॉड से सिर पर हमला कर उसकी हत्या की गई। सूचना मिलते ही खोराबार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से जानकारी ली।
प्रदीप पासवान मजदूरी करता था और काम के सिलसिले में बाहर रहता था। वह करीब दो साल तक बाहर रहने के बाद लगभग डेढ़ माह पहले ही गांव लौटा था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, उसकी पत्नी संजूमा देवी करीब पांच साल पहले उसे छोड़कर दूसरी शादी कर चुकी है। प्रदीप के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा प्रयास करीब 10 वर्ष का है और दिल्ली में अपनी बुआ के साथ रहता है। वहीं, करीब सात वर्ष की बेटी करिश्मा अपनी मां के साथ रहती है। पत्नी और बच्चों के अलग रहने के कारण प्रदीप गांव में अकेला ही रहता था।
आसपास से करता था भोजन
ग्रामीणों के मुताबिक प्रदीप की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। वह आसपास के लोगों के घर खाना खा लेता था। उसके पक्के मकान के एक कमरे में पट्टीदारों का भूसा रखा हुआ था। मृतक का बड़ा भाई संजय पासवान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में मजदूरी करता है। वह कभी-कभार गांव सिक्टौर आता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों को सूचना दी गई। घर पर घटना के समय कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था।
कमरे में खून से सना भूसा
पुलिस की शुरुआती जांच में घर के कमरे में रखा भूसा भी खून से सना मिला। वहीं मृतक के कपड़े भी पास में पड़े थे। सिर पर गंभीर चोट के निशान और कमरे में मिले खून के कारण आशंका है कि प्रदीप पर पहले कमरे में ही हमला किया गया। इसके बाद शव को छत पर ले जाया गया होगा। हालांकि, घटनाक्रम की यह कड़ी अभी जांच का विषय है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।











