गोरखपुर में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवक घायल: रुपये के विवाद में ट्रैक की तरफ भागे, एक का पंजा कटा

गोरखपुर|
रुपये के विवाद में ट्रैक की तरफ भागे, एक का पंजा कटा

तिवारीपुर क्षेत्र में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद रेलवे ट्रैक की ओर भागना दो युवकों के लिए भारी पड़ गया। सूरजकुंड फ्लाईओवर के नीचे हुए विवाद के बाद ट्रैक पर पहुंचे गोलू और अयाश ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में गोलू के बाएं पैर का पंजा कट गया। वहीं, अयाश के सिर और सीने में गंभीर चोट आई है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर के नीचे पीपल के पेड़ के पास नदीम, शमशाद अंसारी, अकबर, अयाश और गोलू के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर अयाश और गोलू रेलवे लाइन की ओर भागने लगे। दोनों ट्रैक पर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से अयाश उछलकर दूर जा गिरा, जबकि गोलू पटरी के बीच गिर गया। ट्रेन के पहिए की चपेट में आने से उसका बायां पंजा कट गया।

घायल अयाश ने बचाई दोस्त की जान

हादसे के बाद अयाश खुद घायल होने के बावजूद गोलू को आवाज देकर ट्रेन गुजरने तक पटरी पर ही पड़े रहने के लिए कहता रहा। इसी वजह से गोलू ट्रेन के नीचे आने से बच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर जीआरपी और तिवारीपुर पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हिरासत में लिए गए तीन युवकों में एक के चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं।

नशे में होने की बात सामने आई

जीआरपी इंस्पेक्टर अनुज कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पांचों युवकों के नशे में होने और रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। घायल गोलू का भाई शमशाद अंसारी भी विवाद में शामिल था। वह गोलू को रोकने के लिए उसके पीछे दौड़ा था। इसी दौरान दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।