गोरखपुर में विमान लैंडिंग के दौरान हादसा: रनवे से टकराया प्लेन का पिछला हिस्सा, क्रू मेंबर समेत सभी यात्री सुरक्षित

दिल्ली से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2381 की लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया । घटना के बाद विमान को तत्काल गो-अराउंड कराया गया। इसके बाद विमान ने सुरक्षित रूप से लैंडिंग की। विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 178 यात्री मौजूद थे। घटना के बाद से विमान को कुछ दिनों के लिए सेवा से हटा दिया गया हैं।
विमान में सभी 178 यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह घटना खराब मौसम और कठिन लैंडिंग परिस्थितियों के कारण हुई। पहली बार लैंडिंग के प्रयास में असंतुलन भांपते ही पायलट ने तुरंत विमान का गो-अराउंड कराया, यानी विमान को दोबारा हवा में ले गए और चक्कर काटकर दूसरी बार में सुरक्षित लैंडिंग कराई।
हादसे के बाद विमान हुआ ग्राउंड
रूटीन जांच के दौरान विमान के पिछले हिस्से में एपीयू इनलेट के पास खरोंच और रगड़ के निशान पाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को तुरंत गोरखपुर एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है और कुछ दिनों के लिए सेवा से हटा दिया गया हैं। विमान के मरम्मत का काम चल रहा है। सभी तकनीकी क्लीयरेंस मिलने के बाद ही विमान दोबारा उड़ान भर सकेगा।
अधिकारियों ने विमान का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) को दी गई। इसके बाद डीजीसीए की जांच टीम ने गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचकर विमान का निरीक्षण किया। इस घटना के बाद गोरखपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को लगभग 5.5 घंटे तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद इंडिगो ने दूसरा वैकल्पिक विमान मंगाकर यात्रियों को रवाना किया।
यात्रियों की सुविधा का रखा गया ख्याल
निदेशक विमानपत्तन संजय कुमार ने बताया कि विलंब के दौरान यात्रियों को स्नैक्स एवं भोजन उपलब्ध कराया गया। साथ ही उनकी सुविधा के अनुसार वैकल्पिक यात्रा विकल्प एवं नियमानुसार पूर्ण रिफंड की सुविधा भी प्रदान की गई थी।
15 से 20 मिनट तक हवा में उड़ता रहा विमान
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, गो-अराउंड के बाद विमान करीब 15 से 20 मिनट तक हवा में उड़ता रहा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से दोबारा क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। गो-अराउंड की वजह से कुछ यात्री घबरा गए थे। हालांकि, क्रू सदस्यों ने उनसे शांत रहने की अपील की।











