गोरखपुर में 400 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा: 2 हजार निवेशकों से 40 करोड़ लूटे, टीम लीडरों के जरिए निवेश के लिए जोड़ा

गोरखपुर|
2 हजार निवेशकों से 40 करोड़ लूटे, टीम लीडरों के जरिए निवेश के लिए जोड़ा

शहर में निवेश के नाम पर करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कंपनी ने 400 दिन में जमा रकम दोगुनी करने और प्रतिदिन 0.5 प्रतिशत लाभ देने का दावा कर करीब 2 हजार लोगों को निवेश के लिए तैयार किया। गोरखपुर और लखनऊ के निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने शुरुआत में ब्याज का भुगतान किया, लेकिन बाद में अलग-अलग कारण बताकर मूलधन लौटाना बंद कर दिया। निवेशकों को रकम वापसी के लिए दिए गए पोस्ट डेटेड चेक भी खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने से लगातार बाउंस हो रहे हैं। मामले में निवेशकों ने कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है।

जालसाजी के शिकार निवेशकों ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि कंपनी के सीएमडी और उनके सहयोगियों ने यूपी के अलग-अलग जिलों में टीम लीडर बनाए थे। इन्हीं के माध्यम से लोगों को कंपनी की ऑनलाइन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराकर निवेश के लिए प्रेरित किया गया। निवेशकों को बताया गया कि कंपनी 400 दिन तक प्रतिदिन 0.5 प्रतिशत की दर से आय देगी और इस अवधि में जमा रकम दोगुनी हो जाएगी। निवेशकों के मुताबिक, कंपनी ने रकम की सुरक्षा को लेकर भी भरोसा दिलाया था। 10 लाख रुपये से कम की जमा राशि के लिए नोटरी एफिडेविट और 10 लाख रुपये से अधिक के निवेश पर जमीन का एग्रीमेंट देने का दावा किया गया था। इसी भरोसे के आधार पर बड़ी संख्या में लोगों ने कंपनी में रकम लगाई।

11 जनवरी तक किया भुगतान

निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने 11 जनवरी 2026 तक उनके खातों में 0.5 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से अर्जित आय का भुगतान किया। इसके बाद भुगतान का सिलसिला रुकने लगा। आरोप है कि कभी सॉफ्टवेयर अपडेट तो कभी सीएमडी की पत्नी की शादी का हवाला देकर निवेशकों को रकम लौटाने में टालमटोल की गई। अप्रैल 2026 में निवेशकों ने जब अपनी जमा रकम वापस मांगनी शुरू की तो कंपनी की ओर से पोस्ट डेटेड चेक दिए गए। हालांकि, निवेशकों के अनुसार बैंक खातों में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण ये चेक लगातार बाउंस हो रहे हैं। इसके बाद निवेशकों में कंपनी के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई। उनका आरोप है कि कंपनी ने निवेश के नाम पर लोगों से बड़ी रकम जुटाई और अब मूलधन वापस नहीं किया जा रहा है।

मामले को दबाने का प्रयास

निवेशकों का कहना है कि उन्होंने लखनऊ के आशियाना थाने में भी कंपनी के खिलाफ शिकायत दी थी। आरोप है कि गिरोह के मुख्य सरगना समेत अन्य लोगों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद निवेशकों ने गोरखपुर में भी कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। निवेशकों ने अधिकारियों से जमा रकम वापस दिलाने, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने और कंपनी के निदेशकों की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।