गोरखपुर में रक्षाबंधन के लिए सजने लगी दुकानें: स्पाइडर मैन और PUBG राखी का दिखा ट्रेंड, डिजाइनर और इको-फ्रेंडली राखियों की बढ़ी डिमांड

आगामी 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्यौहार है और ऐसे में गोरखपुर महानगर के बाजारों की रौनक बढ़ने लगी है। बाजारों में पारंपरिक राखी के साथ कुछ अनोखी राखियां भी देखने को मिल रही हैं। जहां समय के साथ-साथ सोने और चांदी के रक्षाबंधन का प्रचलन बढ़ा है तो वहीं स्पाइडर मैन और PUBG वाले राखियों का ट्रेंड भी चल रहा है।
बाजारों में बच्चों को लुभाने के लिए स्पाइडर मैन और PUBG के साथ ही छोटा भीम, मोटू-पतलू जैसे अलग-अलग डिजाइन के राखियों की भरमार है। पारंपरिक राखी के साथ ही घड़ीनुमा तो कहीं कार्टून जैसी राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रक्षाबंधन के त्यौहार को लेकर राखी के अलावा भी खरिदारी के लिए लोग घरों से निकल रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक दिखने लगी है।
रक्षाबंधन के त्यौहार की क्या है मान्यता?
श्रावण मास की पुर्णिमा को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन के त्यौहार का सनातन धर्म में खास महत्व है। रक्षाबंधन से जुड़ी कई अलग-अलग लोककथाएं धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में सुनने को मिलती हैं। इनमें से ही एक कथा बहुत लोकप्रिय हैं। कहा जाता है कि, एक बार भगवान श्रीकृष्ण की उंगली में चोट लग गई। द्रौपदी ने जब देखा कि श्रीकृष्ण की उंगली में चोट लग गई है तो अपनी साड़ी का कपड़ा फाड़कर उनकी उंगली में बांध दिया। ऐसी मान्यता है कि इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने सदैव द्रौपदी की रक्षा करने का संकल्प लिया।

भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत बनाता है रक्षाबंधन का त्यौहार
रक्षाबंधन के दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई अपनी बहन की रक्षा करने का संकल्प लेता है। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर देती है, जिससे आपसी नोक-झोंक के साथ-साथ जीवन के विभिन्न पड़ावों तक भाई-बहन एक दुसरे के लिए सदैव खड़े रहते हैं।

डिजिटल युग ने बदला रक्षाबंधन मनाने का तरिका
रक्षाबंधन के दिन बहन स्नान और पूजा करने के बाद राखी, तिलक और अक्षत के साथ आरती की थाली सजाती है। इसके बाद बहन अपने भाई को तिलक लगाकर उसकी कलाई पर राखी बांधती है और भाई बहन को मिठाई खिलाकर उपहार देता है। हालांकि वर्तमान समय में दूर रहने के बावजूद भी बहनें अपने भाई को कोरियर या अन्य दुसरे माध्यमों से राखी भेजती हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन खरिदारी के माध्यम से भी राखी भाई तक भेजी जा रही हैं और वीडियो कॉल से भी रक्षाबंधन के त्यौहार को मनाया जा रहा है।
डिजाइनर और इको-फ्रेंडली राखियों की बढ़ी लोकप्रियता
पहले के समय में बहन खुद बाजार जाकर भाई के लिए राखी खरीद कर लाती थी। वर्तमान समय में पारंपरिक राखी के साथ ही डिजाइनर और पर्यावरण के अनुकूल और बच्चों के लिए कार्टून वाले राखियों की लोकप्रियता बढ़ रही है।











