गोरखपुर में पिस्टल दिखाकर नाबालिग से मंगवाए जेवर: परिवार को जान से मारने की दी धमकी, केस दर्ज

कोतवाली क्षेत्र के जगरनाथपुर में बच्चे को पिस्टल दिखाकर घर से जेवर मंगवाने का मामला सामने आया है। मोहल्ले के ही एक नाबालिग पर धमकाकर जबरन जेवरात लेने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित बच्चे के पिता पवन जायसवाल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पवन जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले का ही एक लड़का उनके बेटे को लगातार धमका रहा था। आरोप है कि उसने बच्चे को पिस्टल दिखाकर घर के सारे जेवर लाने के लिए कहा। उसे धमकी दी गई कि अगर जेवर नहीं लाए तो उसके मां-बाप की हत्या कर दी जाएगी। डर के कारण बच्चा घर से चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की अंगूठियां और दो सोने के झुमके लेकर आरोपी के पास पहुंच गया और उसे दे दिया।
परिवार ने पुलिस से की सुरक्षा की मांग
पवन जायसवाल के मुताबिक, जब उन्हें घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी से इसकी शिकायत की। आरोप है कि इस पर उसने गाली-गलौज की और धमकाते हुए कहा कि उसका कई अपराधियों के साथ उठना-बैठना है। उसने एक बड़े बदमाश का नाम लेकर उससे संबंध होने का दावा भी किया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की।
मोहल्ले के दूसरे बच्चों से भी वसूली का आरोप
तहरीर में आरोपी पर मोहल्ले के अन्य नाबालिग बच्चों को भी डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया है। पवन जायसवाल ने बताया कि ममता ओझा के बच्चे से भी धमकी देकर एक ब्रेसलेट और सोने की अंगूठी लिए जाने की बात सामने आई है। वहीं ज्योति सिंह के बच्चे से भी कुछ रुपए और सोने के गहने लेने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का दावा है कि बच्चों को धमकाने और मारने से जुड़े वीडियो भी वायरल हुए थे।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जेवरात वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाली थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच नगर निगम चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।











