गोरखपुर में छुट्टी के वक्त छात्रों पर चाकू से हमला: 4 छात्र घायल, बाहरी युवकों के शामिल होने का आरोप

बक्शीपुर स्थित जुबली इंटर कॉलेज के गेट पर सोमवार दोपहर छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई। 9वीं और 10वीं के छात्रों के बीच शुरू हुई मारपीट में चार छात्र घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों में स्कूल के छात्रों के साथ बाहरी युवक भी शामिल थे। घायलों को कॉलेज के शिक्षक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से जानकारी ली। छात्रों का कहना है कि स्कूल गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।
घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ छात्र स्कूल ड्रेस में गेट से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद दूसरे गुट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि इस गुट में बाहरी युवक भी शामिल थे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। स्कूल गेट पर अचानक हुए विवाद से दहशत मच गई। चाकूबाजी में प्रथम सोनकर, अक्षत सिंह और प्रिंस प्रजापति समेत चार छात्र घायल हुए हैं।
20 से ज्यादा बाहरी युवक थे शामिल
घायल छात्रों का आरोप है कि हमलावरों की संख्या काफी अधिक थी। उन्होंने 20 से ज्यादा बाहरी छात्रों के शामिल होने की बात कही है। छात्रों के मुताबिक, विवाद पहले भी हो चुका था और सोमवार को स्कूल से निकलते समय दूसरे गुट ने हमला कर दिया। एक छात्र ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाला एक लड़का कुछ बाहरी युवकों के साथ आया और उस पर चाकू से हमला किया।
हाथ से चाकू रोकने में छात्र हुआ घायल
एक अन्य घायल छात्र ने बताया कि पहले उसे और साथियों को कक्षा में बुलाकर झगड़ा किया गया था। छुट्टी के समय बाहर निकलने पर पीछे से पकड़कर चाकू से हमला किया गया। उसने पहली बार हमले से बचने के लिए नीचे बैठने की कोशिश की। इसके बाद दोबारा चाकू चलाया गया तो उसने हाथ से चाकू रोक लिया, जिससे उसके हाथ में भी चोट लग गई। एक अन्य छात्र ने आरोप लगाया कि छुट्टियों के दौरान मामला शांत होने की सोचकर पहले से हमला करने की योजना बनाई गई थी।
प्रिंसिपल ने कहा- पुलिस को दी गई सूचना
जुबली इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल विश्वजीत प्रकाश ने बताया कि छात्रों के दो गुटों में मारपीट की सूचना मिली थी। स्कूल के शिक्षकों ने घायल छात्रों को जिला अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को जानकारी दी गई। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं कोतवाली पुलिस स्कूल गेट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान किए जाने की बात कही जा रही है।











