कैंपियरगंज में सड़क किनारे गड्ढे में मिला युवक का शव: सिर और हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त, जांच में जुटी पुलिस

कैंपियरगंज के थाना क्षेत्र के मझौना गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में बुधवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने गड्ढे में शव देखा तो पूलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शव की हालत काफी खराब बताई जा रही है। सिर और हाथ के कुछ हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आशंका है कि शव के इन हिस्सों को जानवरों ने नोचा होगा। हालांकि युवक की मौत कैसे और कब हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि युवक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस कर रही गांवों में पूछताछ
पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ करने के साथ ही लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। पहचान होने के बाद ही युवक के यहां पहुंचने और उसकी मौत की परिस्थितियों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत की पुष्टि
युवक की मौत किसी दुर्घटना के कारण हुई है या उसकी हत्या कर शव को वहां छुपाया गया है, यह रहस्य बना हुआ है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।











