गोरखपुर में रूपये वापस न करने के विवाद में फायरिंग: हिस्ट्रीशीटर के हाथ-पैर में लगी गोली, आरोपी फरार

गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय दुर्गेश चौधरी को गोली मार दी गई। गोली युवक के हाथ और पैर में लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए हैं। घायल को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल दुर्गेश चौधरी चौरी-चौरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और पूर्व प्रधान की हत्या का आरोपी भी है।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, खोराबार क्षेत्र के डांगीपार निवासी अतुल ने डूडी निवासी रतन लाल चौधरी से एक लाख रूपये उधार लिए थे। रुपये न लौटाने पर बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। बुधवार रात कुछ युवक अतुल को लेकर डूडी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान रुपये को लेकर कहासुनी होने लगी। अतुल के समर्थन में पहुंचा दुर्गेश चौधरी भी इस बहस में शामिल हो गया, जिसके बाद विरोधी पक्ष के युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली दुर्गेश के पैर और हाथ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर खोजबीन कर रही है।
रूपए न लौटाने पर दोनों पक्षों में शुरू था विवाद
बताया जा रहा है कि अतुल ने रतन लाल चौधरी से रुपये लिए थे। तय समय पर रुपये वापस नहीं करने के कारण दोनों पक्षों में विवाद शुरू था। बुधवार रात कुछ युवक अतुल को लेकर डूडी गांव पहुंचे। वहां बातचीत के दौरान मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान दुर्गेश चौधरी भी मौके पर पहुंचा। विवाद बढ़ने पर किसी युवक ने गोली चला दी। गोली दुर्गेश के पैर और हाथ में लगी और वह जमीन पर गिर गया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम
गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लिया घायल को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को शुरुआती जांच में डूडी गांव के कुछ मनबढ़ युवकों के घटना में शामिल होने की जानकारी मिली है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दुर्गेश चौधरी को गोली लगी है। घायल को अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, दुर्गेश चौरी चौरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











