गोरखपुर में ट्रेन के इंजन का पेंटोग्राफ टूटा: तार में उठी चिंगारी, डेढ़ घंटे प्रभावित रहा रेल संचालन

गोरखपुर|
तार में उठी चिंगारी, डेढ़ घंटे प्रभावित रहा रेल संचालन

गोरखपुर जंक्शन पर इज्जतनगर एक्सप्रेस के इंजन का पेंटोग्राफ टूटने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। 15009 इज्जतनगर एक्सप्रेस ओल्ड वाशिंग पिट से प्लेटफार्म नंबर-9 पर प्लेस होने के लिए आगे बढ़ रही थी। रात करीब 9:15 बजे इंजन के पेंटोग्राफ में अचानक चिंगारी उठी और वह टूट गया। इसके साथ ही इंजन का ओवरहेड बिजली लाइन से संपर्क टूट गया। तार और पेंटोग्राफ में चिंगारी देखकर आसपास मौजूद यात्री सहम गए और ट्रेन रोकने के लिए आवाज लगाने लगे। समय रहते ट्रेन को रोक लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही पेंटोग्राफ में खराबी आ गई। चिंगारी उठने के बाद कुछ ही देर में पेंटोग्राफ टूट गया। बिजली संपर्क टूटने के कारण ट्रेन को आगे बढ़ाना संभव नहीं था। घटना के दौरान यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत रही। कई लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। इसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा, जिसमें लोगों के चिल्लाने और ट्रेन रोकने की आवाज सुनाई दे रही है।

सूचना मिलते ही एक्टिव हुआ रेलवे प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ। पेंटोग्राफ टूटने के कारण गोरखपुर जंक्शन की पूर्वी साइड की सभी रेल लाइनें करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहीं। ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तकनीकी प्रक्रिया शुरू की। रेलवे कर्मचारियों ने पहले टूटे पेंटोग्राफ को नीचे किया। इसके बाद इंजन को आगे बढ़ाने के लिए वैकल्पिक तकनीकी व्यवस्था की गई।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे बढ़ाने की दी गई अनुमति

रेलवे प्रशासन के अनुसार, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विभाग ने रात करीब 10:20 बजे इंजन के पेंटोग्राफ को नीचे किया। इसके बाद इंजन के आगे वाले पेंटोग्राफ को ओवरहेड इक्यूपमेंट से जोड़ा गया। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई। रेलवे टीम की कार्रवाई के बाद प्रभावित रेल लाइनों पर संचालन सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

बड़ा हादसा टला

तकनीकी व्यवस्था पूरी होने के बाद इज्जतनगर एक्सप्रेस को रात 10:37 बजे गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-9 पर प्लेस करने के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने के साथ ही पूर्वी साइड की प्रभावित लाइनों पर रेल संचालन भी धीरे-धीरे सामान्य हो गया। घटना में किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी, क्योंकि ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया था।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।