गोरखपुर एमआर होम से चार युवक फरार: चाबी चुराकर काटा CCTV का तार, पुलिस ने तीन को किया बरामद

गोरखपुर|
चाबी चुराकर काटा CCTV का तार, पुलिस ने तीन को किया बरामद

राजघाट स्थित सरकारी मानसिक पुनर्वास केंद्र (एमआर होम) से चार संवासियों के फरार होने के मामले में पुलिस ने तीन को सुरक्षित बरामद कर लिया है। रवि , बबलू और सोमारू को तलाश के बाद पकड़ लिया गया। वहीं, आजम अभी लापता है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पूछताछ में सामने आया कि रवि ने पहले से ही आश्रय गृह से निकलने की योजना बना रखी थी और उसने तीन अन्य संवासियों को भी साथ शामिल कर लिया था।

पुलिस के मुताबिक, रवि करीब एक साल से आश्रय गृह के अधीक्षक से बाहर जाने की अनुमति मांग रहा था। उसका कहना था कि वह अब ठीक है और वहां नहीं रहना चाहता। हालांकि, अधीक्षक की ओर से कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने का हवाला देकर उसे बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद रवि ने खुद ही केंद्र से निकलने की योजना बनाई और बबलू, सोमारू व आजम को इसमें शामिल कर लिया।

दोनों तालों की चुराई चाबी

सोमवार रात करीब नौ बजे रवि ने मुख्य गेट पर लगे दोनों तालों की चाबियां चुरा लीं। इसके बाद गेट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का तार क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, ऐसा इसलिए किया गया, ताकि बाहर निकलते समय चारों की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद चारों ने गेट के दोनों ताले खोले और केंद्र से बाहर निकल गए। वहां से वे रेलवे स्टेशन पहुंचे और रात वहीं गुजारी। मंगलवार सुबह चारों ने अलग-अलग दिशाओं में जाने का फैसला किया।

एक अब भी लापता

पुलिस ने उनकी तलाश में आश्रय गृह के आसपास के अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य प्रमुख स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सर्विलांस के जरिए मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने रवि को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर बबलू और सोमारू को आश्रय गृह रोड से बरामद कर लिया गया। तीनों के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। चौथे संवासी आजम की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तीनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और आजम की तलाश जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।