गोरखपुर में दबंगों ने बुजुर्ग को पीटा: विवाद के बाद लाठी-डंडों से किया हमला, इलाज के दौरान तोड़ा दम

गोरखपुर|
विवाद के बाद लाठी-डंडों से किया हमला, इलाज के दौरान तोड़ा दम

घघसरा क्षेत्र के कुसुमा गांव में बुजुर्ग की पिटाई के बाद मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के ही एक व्यक्ति और उसके रिश्तेदार दो लोगों का रामधनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद रामधनी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी होने के बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ठेला चलाकर परिवार का करते थे भरण-पोषण

रामधनी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे और लंबे समय से ठेला चलाकर परिवार का खर्च उठाते थे। उनके परिवार में दो बेटे राजपाल और दिनेश हैं, जबकि एक बेटी की शादी हो चुकी है। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रामधनी शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

ग्रामीणों के अनुसार घटना में गांव के एक व्यक्ति के साथ रिश्तेदारी में आए झिंक और गुड्डू नाम के लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और उसे कुसुमा गांव पहुंचा दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।