ठाणे में युवती पर जानलेवा हमले के आरोपी गोरखपुर में दबोचे: चौरीचौरा में छिपे थे दोनों, मोबाइल लोकेशन मिलते ही पुलिस ने पकड़ा

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित दो आरोपियों को चौरीचौरा क्षेत्र से अरेस्ट किया गया है। एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों को बाल खुर्द डुड़ी चौराहे से पकड़ा। आरोपियों की पहचान ठाणे निवासी कृष्णा राज गुप्ता और अंकेश गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों गोरखपुर आकर छिपे हुए थे।
एसटीएफ के अनुसार, दोनों के खिलाफ ठाणे के मानपाड़ा थाने में कुमारी दीक्षिता पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला करने का केस दर्ज है। मामले में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे। गिरफ्तारी के लिए मुंबई पुलिस ने यूपी एसटीएफ से संपर्क किया था। इसके बाद एसटीएफ की गोरखपुर फील्ड यूनिट ने आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी चौरीचौरा क्षेत्र के बाल खुर्द डुड़ी चौराहे पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया।
ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाएगी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद दोनों को चौरीचौरा थाने में दाखिल कराया गया। एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। हमले में इस्तेमाल सामान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर महाराष्ट्र पुलिस आगे पूछताछ करेगी। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











