गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा का बड़ा फेरबदल: नई 40 सदस्यीय टीम की हुई घोषणा, टीम में 78 फीसदी नए चेहरे

भाजपा ने गोरखपुर क्षेत्र की नई क्षेत्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की ओर से जारी सूची में करीब 78 प्रतिशत नए चेहरों को जगह मिली है। पिछली कार्यकारिणी में अध्यक्ष समेत 32 सदस्य थे। वहीं, इस बार संख्या बढ़कर 40 हो गई है। छह पदों पर घोषणा अभी बाकी है। इनके घोषित होने के बाद टीम में कुल 47 पदाधिकारी और सदस्य हो जाएंगे।
पिछली कार्यकारिणी में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी रहे डॉ. बच्चा पांडेय नवीन को प्रमोट करते हुए क्षेत्रीय महामंत्री बनाया गया है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे डॉ. सत्येंद्र सिन्हा को भी महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। गोरखपुर के पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव और मऊ के भास्कर निषाद को भी क्षेत्रीय महामंत्री बनाया गया है। पिछली टीम के महामंत्री सुनील गुप्ता को क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। नेहा मणि आर्य को कार्यसमिति सदस्य के रूप में दोबारा जिम्मेदारी मिली है।
महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंत्रियों के पद बढ़े
नई टीम में क्षेत्रीय महामंत्री के पद तीन से बढ़ाकर चार, उपाध्यक्ष के आठ से दस और मंत्री के आठ से दस कर दिए गए हैं। क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्यों की संख्या भी पांच से बढ़ाकर 15 कर दी गई है। सामाजिक समीकरण साधने के साथ नेताओं को जिम्मेदारी देने के लिए पदों की संख्या बढ़ाने की कोशिश दिखाई दे रही है। अभी कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, सह कार्यालय प्रभारी, मीडिया प्रभारी और दो सह मीडिया प्रभारी पदों पर फैसला होना बाकी है।
इन्हें मिली क्षेत्रीय जिम्मेदारी
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में राधेश्याम पांडेय, संजीव राय, हरिचरण कुशवाहा, रणजीत राय बड़े, अरजीत सिंह, युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता, कृष्ण गोपाल जायसवाल, जयप्रकाश शाही और राजेंद्र प्रसाद पांडेय को जिम्मेदारी मिली है। क्षेत्रीय मंत्री के पद पर रणविजय चौहान, राजेश पाल चौधरी, हरिकेश गुप्ता, कन्हैया पासवान, बब्लू प्रसाद बेलदार, वैभव पांडेय, सिद्धार्थ शंकर पांडेय, ध्रुव श्रीवास्तव, सुनीता अग्रहरि और बृजेश राम त्रिपाठी शामिल हैं। क्षेत्रीय कार्यसमिति में सुनील गुप्ता, अनिल कुमार श्रीवास्तव, सेतुभान राय, लालजी त्रिपाठी, सज्जनमणि त्रिपाठी, सिद्धार्थ शंकर मिश्र, शिवसागर तिवारी, नेहा मणि आर्य, मनीष सिंह, श्रीकृष्ण सिंह किशन, अंबुज शाही, रामपाल सिंह, डॉ. आरडी सिंह, नवनीत नंदन मिश्र और अंशुमान जायसवाल को जगह मिली है।











