गोरखपुर में प्लेटफॉर्म पर 6 घंटे खड़ी रही गरीब रथ: यात्रियों ने ट्रेन रोकने का किया विरोध, आरपीएफ ने समझाकर ट्रैक से हटाया

गोरखपुर|
यात्रियों ने ट्रेन रोकने का किया विरोध, आरपीएफ ने समझाकर ट्रैक से हटाया

गोरखपुर जंक्शन पर मुजफ्फरपुर जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों का सब्र जवाब दे गया। करीब छह घंटे तक ट्रेन के रवाना नहीं होने से नाराज 100 से अधिक यात्री शाम चार से पांच बजे के बीच ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म नंबर पांच और छह के ट्रैक पर पहुंच गए। यात्रियों ने ट्रेन को रोकने का विरोध किया। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझाकर ट्रैक से हटाया। इसके बाद गरीब रथ एक्सप्रेस शाम 5:54 बजे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई।

ट्रेन नंबर 12212 आनंद विहार टर्मिनल से चलकर मुजफ्फरपुर जाती है। गुरुवार सुबह करीब 11:50 बजे ट्रेन गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर पहुंची थी। गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड के बीच पैच दोहरीकरण के काम और उसके निरीक्षण के चलते ट्रेन को जंक्शन पर रोक दिया गया। काफी समय बीतने के बावजूद ट्रेन के आगे नहीं बढ़ने पर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती गई। शाम करीब चार से पांच बजे के बीच 100 से अधिक यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। इनमें कुछ यात्री प्लेटफॉर्म नंबर पांच और छह के ट्रैक पर पहुंच गए और ट्रेन को लंबे समय तक रोके जाने का विरोध करने लगे।

आरपीएफ ने यात्रियों को समझाकर ट्रैक से हटाया

बड़ी संख्या में यात्रियों के ट्रैक पर पहुंचने की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक गरिजेश विश्वकर्मा और टीम के सदस्यों ने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें समझाया। आरपीएफ ने ट्रैक पर खड़े रहने से होने वाले खतरे की जानकारी दी और सभी से सुरक्षित तरीके से वापस ट्रेन में बैठने की अपील की। काफी देर तक समझाने के बाद यात्री ट्रैक से हट गए और दोबारा ट्रेन में जाकर बैठ गए। इसके बाद स्टेशन पर स्थिति सामान्य हुई।

निरीक्षण के कारण जंक्शन पर रोकी गई थी ट्रेन

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक बृजेश विश्वकर्मा ने बताया कि गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड के बीच पैच दोहरीकरण का काम चल रहा है। इसी कार्य के निरीक्षण के चलते गरीब रथ एक्सप्रेस को गोरखपुर जंक्शन पर रोका गया था। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक ट्रेन खड़ी रहने से कुछ यात्री नाराज होकर ट्रैक पर उतर गए थे। आरपीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया और सुरक्षित रूप से वापस ट्रेन में बैठाया। यात्रियों के ट्रेन में लौटने के बाद गरीब रथ एक्सप्रेस को शाम 5:54 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।