गोरखपुर में प्रेम प्रसंग के विवाद बाद युवक गायब: पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, फोन पर दी थी धमकी

चिलुआताल क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के बाद युवक लापता हो गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवक के साथ किसी अनहोनी की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
शेरपुर चमराहे के पुरवा टोला निवासी संदीप, गिरजा निषाद का बेटा है। परिजनों के अनुसार, संदीप का अपने बड़े पिता के बेटे आजाद की पत्नी रीता से प्रेम प्रसंग था। इसी को लेकर दो सितंबर को आजाद, संदीप और रीता के बीच विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान फोन पर धमकी भी दी गई थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
मां ने आजाद और रीता पर जताया शक
संदीप की मां दुर्गावती देवी ने आजाद और उसकी पत्नी रीता पर बेटे को गायब करने का शक जताया है। उन्होंने बताया कि उनके पति मजदूरी करते हैं। काम से लौटने के बाद उन्हें संदीप के लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के मुताबिक, 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आजाद और रीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सकुशल तलाश की मांग
परिजनों ने बताया कि रीता के छह बच्चे हैं। संदीप तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा है। परिवार में उसके अलावा सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। उसके बड़े भाई का नाम सूरज साहनी है। परिजन संदीप को सकुशल खोजने की मांग कर रहे हैं। पुलिस युवक की तलाश के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











