गोरखपुर के गंभीरनाथ प्रेक्षागृह का किराया 70 फीसदी घटा: अब 1.30 लाख में मिलेगा बड़ा सभागार, दो नए हाल और लॉन की होगी बुकिंग

गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र को आमजन और संगठनों के लिए अधिक किफायती बना दिया है। जीडीए बोर्ड ने प्रेक्षागृह के किराए में बड़ी कटौती को मंजूरी दी है। बड़े सभागार का किराया 4.13 लाख रुपये से घटाकर 1,29,800 रुपये और छोटे सभागार का किराया 2,24,200 रुपये से घटाकर 47,200 रुपये कर दिया गया है। दोनों दरों में स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी शामिल है।
रामगढ़ताल क्षेत्र के सुरम्य वातावरण में बने इस सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 मार्च 2021 को इसका लोकार्पण किया था। केंद्र में दो अलग-अलग क्षमता वाले सभागार हैं। बड़े सभागार में दो तल हैं और मंच के अलावा 1,012 लोगों के बैठने की क्षमता है। छोटे सभागार की क्षमता 275 लोगों की है।
जमानत राशि में भी बड़ी राहत
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, बोर्ड बैठक में किराए में संशोधन का निर्णय जनहित को ध्यान में रखकर लिया गया है। बड़े सभागार की बुकिंग के लिए जमानत अग्रिम राशि दो लाख से घटाकर 50 हजार रुपये और छोटे सभागार की एक लाख से घटाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है। इससे आयोजकों पर शुरुआती आर्थिक बोझ भी कम होगा।
प्रथम तल के दो हाल भी होंगे आवंटित
प्रेक्षागृह के प्रथम तल पर बने दो हाल अब तक किराए पर आवंटित नहीं किए जाते थे। अब प्रत्येक हाल की बुकिंग 29,500 रुपये में की जाएगी। इसमें स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी शामिल होगा। वहीं, प्रेक्षागृह परिसर के लॉन की बुकिंग के लिए 17,700 रुपये किराया तय किया गया है। जीडीए के मुताबिक, किराए में कमी से बुकिंग बढ़ने की उम्मीद है। इससे आमजन और विभिन्न संगठनों को कार्यक्रम कराने में आर्थिक सहूलियत मिलेगी। साथ ही अधिक बुकिंग होने से प्रेक्षागृह के अनुरक्षण पर आने वाले खर्च का बोझ भी कम होगा।











