गोरखपुर में शादी का झांसा देकर रेप का आरोप: पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, परिजनों ने दर्ज कराई थी एफआईआर

बेलीपार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से रेप करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया। मामले में युवती के परिजनों की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
कसिहार गांव निवासी संतोष यादव के बेटे अनूप कुमार यादव की बगल के गांव की एक युवती से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि दोनों के बीच बातचीत बढ़ने पर अनूप ने युवती को शादी का भरोसा दिया। इसके बाद उसने कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने जब शादी के लिए कहा तो आरोपी कथित तौर पर अपने वादे से मुकर गया।
शिकायत के बाद शुरू हुई आरोपी की तलाश
मामले की जानकारी युवती के परिजनों को होने पर उन्होंने बेलीपार थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी भागने की कोशिश में था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे अरेस्ट कर लिया।











