गोरखपुर में महिला के रेप-हत्याकांड में रेलकर्मी गिरफ्तार: रेलवे स्टेशन से स्कूटी पर ले गया था आरोपी, गहिरा नाले में मिला था न्यूड शव

झंगहा क्षेत्र में महिला का नग्न शव मिलने के मामले की जांच रविवार को उस समय अहम मोड़ पर पहुंच गई, जब पुलिस ने देवरिया के बघौचघाट क्षेत्र निवासी एक रेलकर्मी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने महिला के साथ रेप और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर ही केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
गहिरा गांव में भूमिहारी टोला जाने वाले रास्ते पर गुरुवार सुबह महिला का नग्न शव मिला था। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि महिला बुधवार रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। पुलिस ने स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक रेलकर्मी उसे स्कूटी से अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की और रविवार सुबह उसे हिरासत में ले लिया।
गहिरा की ओर ले जाने की बात कही
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रेलकर्मी ने बताया कि वह महिला को स्कूटी से गहिरा गांव की ओर ले गया था। पुलिस के अनुसार, महिला बोल नहीं पाती थी। आरोप है कि वहां रेलकर्मी ने उसे शराब पिलाई और उसके साथ रेप किया। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि उसने महिला का मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह शहर की ओर लौट आया। पुलिस अब उसके बयान और घटनाक्रम की कड़ियों का मिलान कर रही है।
मोबाइल और घटनास्थल की भी जांच
पुलिस घटनास्थल के साथ रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज और हिरासत में लिए गए रेलकर्मी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है। इससे घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महिला और आरोपी के बीच पहले से कोई संपर्क था या नहीं।
लखनऊ में पहचान की कोशिश
महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए जिले की एक पुलिस टीम लखनऊ में छानबीन कर रही है। जांच में सामने आया है कि महिला इससे पहले लखनऊ में देखी गई थी। उसके मोबाइल से जिन लोगों से बातचीत हुई थी, पुलिस उनसे भी संपर्क कर रही है, ताकि उसके घर-परिवार और पहचान के बारे में जानकारी मिल सके।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
झंगहा पुलिस रविवार को महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











