गोरखपुर में धमकी देने वाला युवक अरेस्ट: 24 घंटे में गोली चलाने की दी धमकी, पिस्टल दिखाकर किया वीडियो पोस्ट

इंटरनेट मीडिया पर दबंगई दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर गोली मारने की धमकी देने वाले युवक को पीपीगंज पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। आरोपी की पहचान भगवानपुर निवासी दीपक जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस के संज्ञान में वीडियो आने के बाद उसकी गतिविधियों की पड़ताल शुरू की गई। इसके बाद टीम ने तलाश करते हुए उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, दीपक ने प्रसारित वीडियो में किसी व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर गोली मारने की धमकी दी थी। इससे पहले सामने आए एक वीडियो में वह यह कहते हुए दिखाई दिया था कि अगर तय समय में गोली नहीं चलाई तो वह अपनी मूंछ मुंडवा लेगा। वीडियो में पीपीगंज क्षेत्र के पचगांवा स्थित गूरम पोखरे का भी उल्लेख किया गया था। उसके इस अंदाज को पुलिस ने आक्रामकता प्रदर्शित करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली धमकी के तौर पर लिया।
चेहरा छिपाकर पिस्टल के साथ फोटो भी डाली
दीपक ने इंटरनेट मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर भी प्रसारित की थी, जिसमें चेहरा छिपा हुआ था और कमर में पिस्टल खोंसी दिखाई दे रही थी। हालांकि तस्वीर में नजर आ रहा असलहा वास्तविक है या नकली, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मुख्य प्रयास तस्वीर में दिखाई दे रही पिस्टल को बरामद करना है।











