गोरखपुर में सपा नेता ने बिना अनुमति निकाला रोड शो: पुलिस ने रोका काफिला, कार्यकर्ताओं से हुई झड़प

गोरखपुर|
पुलिस ने रोका काफिला, कार्यकर्ताओं से हुई झड़प

कैंपियरगंज में सपा की अंदरूनी खींचतान रविवार को सड़क पर नजर आई। सीनियर सपा नेता साधु यादव ने बंजारा डेरा भगवानपुर से रोड शो शुरू किया, लेकिन जंगल बिहुली फ्लाईओवर के पास पीपीगंज पुलिस ने काफिला रोक दिया। पुलिस ने रैली के लिए अनुमति नहीं होने की बात कही। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के साथ झड़प हो गई। मामला बढ़ने पर साधु यादव ने कैंपियरगंज एसडीएम से फोन पर बातचीत की और शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकालने की बात कही।

एसडीएम से बातचीत के बाद भी काफिला जंगल कौड़िया की ओर बढ़ गया। रैली में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन और सैकड़ों बाइक शामिल थीं। वाहनों की लंबी कतार के कारण भगवानपुर से पुराने नींसर टोल प्लाजा तक जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर भीड़ और वाहनों की अधिकता से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बढ़ा हंगामा

काफिला पुराने नींसर टोल प्लाजा पहुंचा तो कैंपियरगंज सीओ अनुराग सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कैंपियरगंज और पीपीगंज पुलिस की मौजूदगी में रैली को दोबारा रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हंगामा बढ़ गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और वाहनों तथा भीड़ को वहां से तितर-बितर कर दिया। इसी बीच तेज बारिश शुरू होने से समर्थकों को भी मौके से हटना पड़ा और रैली के समापन की स्थिति बन गई।

नवीन यादव ने निकाला था रोड शो

कैंपियरगंज में रविवार का यह शक्ति प्रदर्शन संभावित प्रत्याशी नवीन यादव को लेकर सपा में चल रहे विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से नवीन यादव को चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी मिल चुकी है। इसके बाद नवीन यादव ने हाल में बड़ा रोड शो निकालकर अपना चुनावी अभियान शुरू किया था।

बाहरी प्रत्याशी होने का आरोप

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव और सीनियर नेता साधु यादव के समर्थक नवीन यादव का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नवीन यादव बाहरी और पैराशूट प्रत्याशी हैं। चिंता यादव और उनके परिवार ने सपा अध्यक्ष से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन समय नहीं मिलने के बाद शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया गया। अब पार्टी नेतृत्व के फैसले पर निगाहें टिकी हैं। इसी बीच रविवार की रैली रोकने के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं की झड़प का वीडियो भी सामने आया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।