गोरखपुर में मेले में चाकूबाजी से पिज्जा दुकानदार की मौत: कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, खाना खाने के दौरान भिड़े कर्मचारी

खजनी में डिजनीलैंड मेले में दुकानदारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद हुई मारपीट में पिज्जा की दुकान लगाने वाले विवेक कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां रात करीब 2:30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विवेक मैनपुरी का रहने वाला था। पुलिस ने हत्या के आरोपी शिवम कौशल को अरेस्ट कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है।
खजनी थाने से करीब 200 मीटर दूर कस्बे में डिजनीलैंड मेला लगा है। यहां झूलों के साथ खाने-पीने की दुकानें और कई स्टॉल लगाए गए हैं। 5 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे भीड़ कम होने के बाद मेले के कर्मचारी खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान ओमनगर थाना करहल मैनपुरी निवासी विवेक कुमार और गंगादरवाजा थाना कायमगंज फर्रुखाबाद निवासी शिवम कौशल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शिवम ने विवेक पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बहनोई निशांत उर्फ पिंकी उसे निजी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
घटना के बाद मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेला खजनी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर है। उनका दावा है कि करीब 20 से 25 मिनट तक मारपीट होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई। लोगों ने यह भी कहा कि पुलिस समय पर पहुंचती तो युवक की जान बच सकती थी। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
कर्मचारियों से पूछताछ जारी
विवेक के बहनोई निशांत की तहरीर पर खजनी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शिवम कौशल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद किया गया है। पुलिस मेले में मौजूद अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। सीओ खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।











