गोरखपुर में लॉकेट देखने के बहाने दुकान में घुसी महिला: 60 की दो अंगूठियां लेकर फरार, 10 अंगूठियां देखने के बाद हाथ में पहन लीं

गोरखपुर|
60 की दो अंगूठियां लेकर फरार, 10 अंगूठियां देखने के बाद हाथ में पहन लीं

रामगढ़ताल क्षेत्र में ज्वैलरी शॉप पर खरीदारी के बहाने पहुंची महिला दो सोने की अंगूठियां लेकर निकल गई। महिला बाइक सवार युवक के साथ दुकान पर पहुंची थी। उसने दुकानदार से सोने का लॉकेट और अंगूठियां दिखाने को कहा। बातचीत के दौरान उसने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाए रखा। बाद में मोबाइल पर बात करने के बहाने युवक दुकान से बाहर निकला और महिला भी कुछ देर में लौटने की बात कहकर चली गई। ज्वैलरी का मिलान करने पर दुकानदार को दो अंगूठियां गायब मिलीं। दोनों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

मामला कटरा खिरवानिया चौराहे पर स्थित रामवचन ज्वेलर्स का है। रामगढ़ताल क्षेत्र के बड़गो निवासी रामवचन यहां ज्वैलरी शॉप चलाते हैं। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, एक महिला बाइक सवार युवक के साथ दुकान पर पहुंची। महिला ने कहा कि उसे लॉकेट और अंगूठी खरीदनी है। दुकानदार ने भरोसा करते हुए उसे 10 अंगूठियां निकालकर दिखाईं। अंगूठियां देखने के दौरान महिला ने एक लॉकेट पसंद आने की बात कही। इसके बाद उसने लॉकेट के लिए मोटी माला दिखाने को कहा। इसी बातचीत के बीच युवक ने दो अंगूठियां महिला को पकड़ाईं। महिला ने दोनों अंगूठियां अपने हाथ में पहन लीं। दुकानदार जब तक स्थिति समझ पाता, युवक और महिला दुकान से बाहर निकल चुके थे।

गिनती में कम मिलीं दो अंगूठियां

महिला के जाने के बाद व्यापारी ने ज्वैलरी का मिलान किया तो दो अंगूठियां गायब मिलीं। दोनों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। इसके बाद व्यापारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। रामवचन ने आजाद नगर चौकी इंचार्ज को लिखित तहरीर देकर अज्ञात महिला के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गई अंगूठियां बरामद कराने की मांग की।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान और तलाश की जा रही है। रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामा नंद राय ने बताया कि आजाद नगर चौकी पर तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।