गोरखपुर में चार युवकों ने की वेटर की पिटाई: कुर्सी से हमला कर तोड़ा कंधा, देर से सलाद परोसने पर हुआ विवाद

ट्रांसपोर्टनगर स्थित एक कैंटीन में सलाद पहुंचाने में देरी होने पर चार युवकों ने वेटर की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर वेटर को थप्पड़ मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद कैंटीन की कुर्सी से पीटा और लात-घूंसों से हमला किया। मारपीट में वेटर का बायां कंधा टूट गया। कैंटीन मालिक और वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में कैंट थाने में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव निवासी सोनू चौहान ट्रांसपोर्टनगर स्थित कैंटीन में वेटर हैं। वह इसी काम से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोनू के मुताबिक, चार युवक कैंटीन में पहुंचे और खाने का ऑर्डर दिया। वह ग्राहकों को एक-एक करके सभी व्यंजन पहुंचा रहे थे। इसी दौरान उनमें से वकील निषाद नाम के युवक ने सलाद लाने को कहा। सोनू के मुताबिक, वह सलाद लेने पहुंचा ही था कि युवक ने दोबारा आवाज लगाई। इसके बाद वह टेबल के पास पहुंचा तो सलाद में देरी को लेकर युवक गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा। सोनू ने विरोध किया तो उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी भड़क गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
आरोप है कि चारों युवकों ने मिलकर सोनू को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे नीचे गिराकर कैंटीन की कुर्सी से पीटा गया। युवकों ने लात-घूंसों से भी हमला किया। शोर सुनकर कैंटीन मालिक और वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। काफी मशक्कत के बाद सोनू को हमलावरों से छुड़ाया गया। हमले में सोनू का बायां कंधा टूट गया। उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद चारों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सोनू की तहरीर पर कैंट थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।











