गोरखपुर में आरोपी पति की मौत: पत्नी ने दर्ज कराया था दहेज का केस, पेट्रोल डालकर बाइक में लगाई थी आग

सहजनवा के मिनवा गांव में पत्नी के मायके पहुंचकर हंगामा करने और बाइक जलाने के आरोपी पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। राजन मद्धेशिया ने दो सितंबर की शाम कथित तौर पर पत्नी के मायके में गाली-गलौज की थी और ससुर की बाइक में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। इस दौरान वह खुद भी गंभीर रूप से झुलस गया था। उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे पहले पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, आगजनी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया था।
पाली ब्लॉक के मिनवा निवासी आनंद गुप्ता की बेटी प्रीति गुप्ता की शादी करीब तीन साल पहले चिलुआताल थाना क्षेत्र के दारघाट निवासी राजन मद्धेशिया से हुई थी। प्रीति का आरोप था कि शादी के बाद से पति और ससुराल के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे और मारपीट भी करते थे। उसने इस संबंध में चिलुआताल थाने में शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर वह अपने मायके आ गई थी।
नशे की हालत में पहुंचा था ससुराल
प्रीति के मुताबिक, दो सितंबर की शाम करीब छह बजे उसका पति राजन नशे की हालत में मिनवा स्थित मायके पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने परिवार के लोगों से गाली-गलौज की और उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसी दौरान उसने अपने ससुर की बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग से बाइक पूरी तरह जल गई। इसी घटना में राजन भी गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे राजन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। केस में नामजद आरोपी की मौत के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।











