गोरखपुर में फेसबुक पर महिला सिपाही का नंबर वायरल: अश्लील पोस्ट के बाद आने लगीं आपत्तिजनक कॉल, 17 अगस्त से परेशान है पीड़िता

शहर के एक थाने में तैनात महिला आरक्षी का मोबाइल नंबर अश्लील फोटो और वीडियो के साथ फेसबुक पर प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी फेसबुक प्रोफाइल पर महिला सिपाही का नंबर डालकर लोगों को अश्लील बातचीत के लिए संपर्क करने के लिए उकसाया गया। इसके बाद ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मी के मोबाइल पर लगातार अनजान नंबरों से कॉल आने लगीं। कॉल करने वाले अश्लील बातें करने के साथ व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश और फोटो भी भेज रहे थे। परेशान होकर महिला सिपाही ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। उनकी तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।
मूल रूप से बलिया की रहने वाली महिला सिपाही शहर के एक थाने में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को वह थाने में सरकारी कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर लगातार अनजान नंबरों से फोन आने लगे। कुछ समय बाद अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश और आपत्तिजनक फोटो भी भेजे जाने लगे। लगातार हो रहे इस मानसिक उत्पीड़न से वह परेशान हो गईं।
फेसबुक पर बनी है फर्जी आईडी
महिला सिपाही के मुताबिक एक कॉल करने वाले व्यक्ति से सख्ती से पूछताछ करने पर उसे फेसबुक पर बनाई गई एक आईडी के बारे में जानकारी मिली। आरोप है कि इस प्रोफाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो के साथ महिला आरक्षी का मोबाइल नंबर साझा किया गया था। पोस्ट के जरिए लोगों को महिला से अश्लील बातचीत के लिए फोन करने के लिए उकसाया जा रहा था। इसके बाद बड़ी संख्या में अनजान नंबरों से कॉल और संदेश आने लगे।
फर्जी प्रोफाइल और मोबाइल नंबर की जांच
लगातार परेशान होने के बाद महिला सिपाही ने थाना प्रभारी को तहरीर दी। इसके आधार पर फर्जी फेसबुक आईडी के खिलाफ संबंधित आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया। मामले की जांच थाने के एक दरोगा को सौंपी गई है। पुलिस टीम फर्जी प्रोफाइल की आईडी, यूआरएल और उससे जुड़े मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
जमीन विवाद के एंगल की भी पड़ताल
पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक महिला सिपाही के पटीदारों पर भी शक जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर किसी पटीदार ने कथित तौर पर महिला सिपाही का अश्लील फोटो और मोबाइल नंबर फेसबुक पर अपलोड किया। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











