गोरखपुर में आरोपी ने नाबालिग बच्ची से किया रेप: अकेला पाकर कमरे में बुलाया, पुलिस ने किया अरेस्ट

गोरखपुर|
अकेला पाकर कमरे में बुलाया, पुलिस ने किया अरेस्ट

रामगढ़ताल क्षेत्र में घर पर शटरिंग का काम करने आए एक व्यक्ति पर 13 वर्षीय बच्ची से रेप करने का आरोप लगा है। आरोप है कि घर में बच्ची को अकेला पाकर आरोपी ने उसे बहाने से कमरे में बुलाया और जबरदस्ती की। इसके बाद उसे धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो जान से मार देगा। बच्ची ने डर के कारण पहले अपनी छोटी बहन को घटना बताई। बहन ने अगले दिन मां को जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने रामगढ़ताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी राकेश उर्फ सिकंदर राम को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। वहीं नामजद दूसरे आरोपी ठेकेदार पवन की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पीड़िता की मां के मुताबिक, उनके घर में अगस्त महीने से शटरिंग का काम चल रहा था। इसका ठेका पवन नाम के व्यक्ति ने लिया था। वह अपने दो साथियों के साथ काम करता था। पीड़िता के पिता बाहर काम करते हैं, जबकि उसकी मां कैंटीन चलाती हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को ठेकेदार पवन अपने दो साथियों के साथ घर पर सामान लेने पहुंचा था। उस समय घर में बच्ची अकेली थी।

पुलिस ने दर्ज किया केस

एफआईआर के मुताबिक, ठेकेदार के साथी राकेश ने बच्ची को मदद करने के बहाने कमरे में बुलाया। आरोप है कि उसने कूलर निकलवाने के लिए बच्ची को कमरे में ले जाकर उसके साथ रेप किया। घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकाते हुए किसी को जानकारी न देने के लिए कहा। पीड़िता की मां का आरोप है कि पूरी घटना ठेकेदार पवन की मिलीभगत से हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राकेश और पवन को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया है।

डर के कारण पहले बहन को बताई बात

घटना के बाद बच्ची काफी डर गई थी। उसने तत्काल मां को जानकारी देने के बजाय अपनी छोटी बहन को आपबीती बताई। इसके बाद छोटी बहन ने मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद मां रामगढ़ताल थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने जांच के दौरान बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया थाना क्षेत्र के चनपटिया के हरिपुर बकूला निवासी राकेश उर्फ सिकंदर राम को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरे नामजद आरोपी ठेकेदार पवन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई जा रही है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।