गोरखपुर में सीएमओ ने किया कई सीएचसी का औचक निरीक्षण: गैरहाजिर मिले डॉक्टर-कर्मियों पर जताई नाराजगी, मांगा स्पष्टीकरण जवाब

स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए सीएमओ डॉ. राजेश झा ने जिले की स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पतरा एपीएचसी, पिपराइच सीएचसी और सिंहोरिया सीएचसी पहुंचकर उपस्थिति, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान पतरा एपीएचसी में दो डॉक्टर और एक एलटी, जबकि सिंहोरिया सीएचसी में एक डॉक्टर और दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टर और कर्मचारी निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचें और अपनी ड्यूटी पूरी करें। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ सबसे पहले भटहट सीएचसी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पतरा एपीएचसी पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान दो डॉक्टर और एक एलटी गैरहाजिर मिले। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों से अनुपस्थिति का कारण पूछा और नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के भवन का भी निरीक्षण किया। मरम्मत से जुड़े कार्यों को लेकर भटहट सीएचसी के अधीक्षक और अवर अभियंता को जरूरी निर्देश दिए। साथ ही अधीक्षक से कहा कि वह अपने स्तर से एपीएचसी और अन्य स्वास्थ्य इकाइयों का नियमित निरीक्षण करते रहें, ताकि व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहे।
पिपराइच में सभी कर्मचारी मिले उपस्थित
इसके बाद सीएमओ पिपराइच सीएचसी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले अटेंडेंस रजिस्टर की जांच की, जहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। उन्होंने महिला चिकित्सा अधिकारियों से बातचीत कर मातृ सेवाओं की स्थिति जानी। डॉ. झा ने कहा कि मातृ सेवा कार्यक्रम के जरिए जिले में मातृ मृत्यु को नियंत्रित करने में मदद मिली है। इसलिए इस व्यवस्था को लगातार मजबूत करने की जरूरत है। पिपराइच सीएचसी में उन्होंने मरीजों से भी बातचीत की और इलाज तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को दवा या कोई अन्य जरूरी सामग्री बाहर से खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। अस्पताल से ही सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। भवन के कुछ हिस्सों में मरम्मत को लेकर भी उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक ही दिन में छह सी-सेक्शन डिलीवरी होने पर उन्होंने अस्पताल की टीम की सराहना की।
सिंहोरिया में तीन कर्मचारी मिले अनुपस्थित
अंत में सीएमओ सिंहोरिया सीएचसी पहुंचे। यहां एक डॉक्टर और दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अधीक्षक डॉ. केशरी नंदन को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, वाशरूम और अन्य हिस्सों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी। सीएमओ ने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है।











