गोरखपुर से लापता छात्र कुशीनगर में मिला: अमृत भारत में बैठकर पहुंचा तमकुहीरोड, महिला ने आईकार्ड से मां को दी सूचना

गोरखपुर|
अमृत भारत में बैठकर पहुंचा तमकुहीरोड, महिला ने आईकार्ड से मां को दी सूचना

सिविल लाइंस से बुधवार दोपहर लापता हुआ कक्षा चार का छात्र करीब आठ घंटे बाद कुशीनगर के तमकुहीरोड में मिला। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र ऑटो से घर जाने के बजाय रेलवे स्टेशन पहुंच गया और शाम करीब 4:30 बजे छपरा जाने वाली अमृत भारत ट्रेन में बैठ गया। ट्रेन में अकेले बच्चे को देखकर एक महिला ने उससे बातचीत की। उसके स्कूल आईकार्ड से मां का मोबाइल नंबर मिलने पर महिला ने फोन कर परिवार को जानकारी दी। इसके बाद गोरखपुर पुलिस ने सेवरही पुलिस को सूचना दी और तमकुहीरोड स्टेशन पहुंचकर बच्चे को अपने साथ ले लिया।

छात्र के लापता होने के बाद उसकी मां पूनम गिरि पुलिस टीम के साथ करीब पांच घंटे तक सिविल लाइंस की गलियों में उसे तलाशती रहीं। शाम करीब 7:30 बजे अंजान नंबर से बेटे की कॉल आई तो वह भावुक होकर रोने लगीं। बच्चे ने फोन पर कहा, "मत रो मम्मी, घर आकर सारी बात बताऊंगा।" रात करीब 10 बजे छात्र को मां के पास लाया गया। बेटे को देखते ही मां ने उसे गले लगा लिया। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। मां ने कहा कि गोरखपुर पुलिस पूरे समय उनके साथ खड़ी रही।

पहले बताई अपहरण की कहानी

पुलिस ने बच्चे से पूछताछ की तो उसने शुरुआत में ऐसी कहानी सुनाई, जिससे पुलिस भी कुछ देर उलझ गई। छात्र ने बताया कि ऑटो के पास एक युवक ने उसे चॉकलेट दी थी। चॉकलेट खाने के बाद वह बेहोश हो गया और युवक ने उसे ट्रेन में बैठा दिया। बाद में रोने पर ट्रेन में बैठी महिला ने उसे देखा और आईकार्ड से मां को फोन किया। हालांकि, बाद में छात्र ने बताया कि उसे किसी ने अगवा नहीं किया था। वह खुद पैदल रेलवे स्टेशन पहुंचा और अमृत भारत ट्रेन में बैठ गया था।

अकेले रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखा

छात्र की तलाश में पुलिस ने सिविल लाइंस के पांच स्कूलों और आसपास के प्रतिष्ठानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वह ऑटो के पास अपना बैग रखने और फिर इधर-उधर घूमने के बाद अकेले रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखा। एचपी डिफेंस एकेडमी से करीब 150 मीटर दूर ऑटो खड़ा था। ऑटो चालक आशीष कुमार जायसवाल के मुताबिक, छुट्टी के बाद सभी छह बच्चों को ऑटो में बैठाया गया था। छात्र ने पानी में खेलने की इच्छा जताई थी। चालक एक बच्ची के लिए चिप्स लेने गया और एक-दो मिनट बाद लौटा तो छात्र गायब था।

पहले भी स्कूल से अकेले निकल चुका था

ऑटो चालक ने बताया कि छात्र पहले भी कई बार ऑटो से उतरकर इधर-उधर जाने की कोशिश कर चुका था और इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी गई थी। करीब दो महीने पहले भी वह स्कूल से अचानक निकलकर पैदल घर पहुंच गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद कैंट पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम तलाश में जुटी थी। छात्र की पहचान राप्तीनगर निवासी मनोज गिरि के बेटे पद्मनाभ गिरी के रूप में हुई है। उसके पिता कतर में रहते हैं। परिवार उरुवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।