गोरखपुर में करंट लगने से पिता की मौत: बच्चे के जन्मदिन पर जोड़ रहा था डीजे का तार, मातम में बदली खुशियां

चौरीचौरा थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थी। शुक्रवार की सुबह डीजे का तार जोड़ते समय करंट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जहां बच्चे के पहले जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।
यह हादसा चौरीचौरा थाना क्षेत्र के चकदेईया गांव का बताया जा रहा हैं। मृतक व्यक्ति मूल रूप से बशारतपुर का रहने वाला था और यहां अपना घर बनवाकर रह रहा था। घर में उसके पहले बच्चे का पहला जन्मदिन था, जिसकी तैयारियां बड़े उत्साह के साथ चल रही थीं। सुबह करीब 8:30 बजे, पिता शामुएल बरना वास उर्फ विक्की खुद ही डीजे का तार जोड़ रहा था। इसी दौरान वह हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गए।
अंडे की दुकान लगाकर चलाता था परिवार
आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया है और पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चौरीचौरा इलाके में अंडे की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।











