गाेरखपुर में 2,000 घरों को मिलेगा शुद्ध पानी: नगर आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं, 50 लाख से तैयार होगा नलकूप

जीडीए से नगर निगम को हस्तांतरित कॉलोनियों में सुविधाओं की स्थिति परखने के लिए नगर आयुक्त ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बुद्ध विहार कमर्शियल कॉलोनी में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नालियों और ह्यूम पाइप की सफाई कराने के निर्देश दिए गए। पार्किंग स्थल पर मिट्टी सोलिंग के बाद खड़ंजा लगवाने को भी कहा गया। इसके अलावा रामगढ़ थाना के सामने निर्माणाधीन गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और सफाई वाहनों के पार्किंग स्थल का काम निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले बुद्ध विहार कमर्शियल कॉलोनी का निरीक्षण किया। यहां एसबीआई बैंक के बगल से सीएम ग्रिड की सड़क भी प्रस्तावित है। स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या बताई। इस पर नगर आयुक्त ने कॉलोनी की सभी नालियों की सफाई कराने को कहा। सड़क पर बने क्रॉस और ह्यूम पाइप में चैंबर बनाकर उनकी सफाई शुरू कराने के निर्देश भी दिए। इसकी जिम्मेदारी अवर अभियंता अवनीश भारती और सफाई निरीक्षक राजेंद्र कुमार को दी गई।
पार्किंग स्थल को व्यवस्थित करने की तैयारी
बुद्ध विहार कमर्शियल कॉलोनी में अग्रवाल मार्बल्स के सामने पार्किंग के लिए जमीन है, जिसके चारों ओर बाउंड्रीवाल बनी हुई है। नगर आयुक्त ने यहां मिट्टी सोलिंग कराने के बाद खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए। इससे पार्किंग स्थल को व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके बाद उन्होंने रामगढ़ थाना के सामने बन रहे गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और सफाई वाहनों के पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। यहां फिलहाल बाउंड्रीवाल का निर्माण चल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
भरवलिया में 50.04 लाख से बन रहा नलकूप
वार्ड संख्या 37 भरवलिया में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत तैयार किए जा रहे बड़े नलकूप का भी निरीक्षण किया गया। इसके अधिष्ठापन पर 50.04 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता और अवर अभियंता जलकल के साथ कार्य की प्रगति देखी और नलकूप को जल्द सुचारू रूप से चालू कराने के निर्देश दिए। नलकूप शुरू होने के बाद करीब 800 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है।
बुद्ध विहार के 1200 घरों को मिलेगा लाभ
जीडीए से नगर निगम को हस्तांतरित बुद्ध विहार पार्ट-ए और पार्ट-बी में पेयजल पाइपलाइन विस्तार के साथ नलकूप और ओवरहेड टैंक की मरम्मत का काम चल रहा है। नगर आयुक्त ने घरेलू पेयजल कनेक्शन में इस्तेमाल होने वाले एमएस क्लैम्प की जगह एचडीपीई क्लैम्प लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार इन कार्यों से करीब 1,200 घरों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इस तरह भरवलिया और बुद्ध विहार की परियोजनाओं से करीब 2,000 घरों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान पार्षद अजय राय, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











