गोरखपुर में मार्च पास्ट से युवाओं ने दिखाया अनुशासन: तीन दिवसीय शिविर में परखी जाएगी दक्षता, कार्यकुशलता और समाज सेवा की होगी परीक्षा

भारत स्काउट और गाइड के तृतीय सोपान परीक्षण शिविर की शुरुआत हुई। तीन दिवसीय शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य बैरिस्टर पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलन और ध्वजारोहण के साथ किया। इस दौरान वाराणसी संभाग के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे स्काउट्स ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों के अनुशासन और बेहतर तालमेल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
शिविर प्रमुख राधा वल्लभ मिश्रा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए परीक्षण शिविर की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि तीन दिनों के दौरान स्काउट्स की कार्यकुशलता, शारीरिक दक्षता, कैंप क्राफ्ट और समाज सेवा की भावना को परखा जाएगा। परीक्षण में सफल प्रतिभागियों को ही अगले चरण के लिए योग्य माना जाएगा।
राष्ट्रभक्ति और अनुशासन पर दिया जोर
मुख्य अतिथि प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय ने कहा कि स्काउटिंग को केवल पाठ्येतर गतिविधि तक सीमित नहीं किया जा सकता। यह युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पांच विशेषज्ञ करेंगे मूल्यांकन
शिविर में स्काउट्स की विभिन्न दक्षताओं और योग्यताओं का मूल्यांकन मुख्य परीक्षकों की टीम करेगी। इसके लिए सुकुमार श्रीवास्तव, विकास कुमार मिश्रा, दीपक कुमार, बृजभान और आशीष कुमार त्रिपाठी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। तीन दिनों के परीक्षण के दौरान प्रतिभागियों की अलग-अलग गतिविधियों में दक्षता का आकलन किया जाएगा।











