गोरखपुर में तेज रफ्तार स्कूल बस ने मासूम को रौंदा: मां के सामने बच्चे की दर्दनाक मौत, शिक्षिका को बंधक बनाकर किया हंगामा

पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने एक मासूम बच्चे को उसकी मां के सामने ही कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए मां बस का इंतजार कर रही थी। तभी तेज रफ्तार स्कूल बस ने टक्कर मार दी। जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश करने लगा। ग्रामीणों ने दौड़कर बस को रोक लिया, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इसके बाद उग्र भीड़ ने बस में मौजूद महिला शिक्षिका को घेरकर बंधक बना लिया और काफी देर तक हंगामा किया।
मां के साथ स्कूल बस का कर रहा था इंतजार
चौरी चौरा सीओ कुंदन सिंह के बताया, हादसा पिपराइच थाना क्षेत्र के नइयापार बुजुर्ग गांव की है। जहां सोनी कुमारी अपने बच्चे और सास-ससुर के साथ एक ही मकान में रहती हैं। सोनी के पति मुंबई में रहकर पेंट और पॉलिश का काम करते हैं। सोनी का पांच साल का बेटा हिमांशु कक्षा एक का छात्र था। शनिवार सुबह स्कूल जाने से पहले सोनी ने बच्चे को तैयार किया, फिर घर के बाहर स्कूल बस के आने का इंतजार करने लगी। सुबह 8:00 बजे अचानक स्कूल की बस तेज रफ्तार से आई और बच्चे को कुचलते हुए चली गई।
ड्राइवर मौके से फरार
घटना के बाद सोनी ने शोर मचाई, जिससे आसपास के लोगों ने बस को घेर लिया और बस में बैठी टीचर को बंधक बना लिया। जबकि ड्राइवर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर करीब तीन घंटे बाद बस समेत टीचर को थाने ले गई।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हादसे के बाद एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह, तहसीलदार भागीरथी सिंह भी मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे परिवार के लोगों ने एसडीएम को एक पत्र सौंपा, जिसमें एक करोड़ का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।











