गोरखपुर में गैस सिलेंडर से लदे ट्रक में लगी आग: फायरकर्मियों ने समय रहते आग पर पाया काबू, गांव किनारे वाहन खड़ा कर घर सोने गया था चालक

चौरी चौरा में शुक्रवार रात करीब 12 बजे 370 गैस सिलेंडर से भरे खड़े ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा होन से टल गया।
चौरी चौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा आमकोल में रात को एक ट्रक में आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक में भारत पेट्रोलियम के 370 गैस सिलेंडर लदे थे। ट्रक गीडा से गैस सिलेंडर लेकर पिपराइच में डिलीवरी के लिए जा रहा था। ट्रक चालक आमकोल गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
ग्रामीणों में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, चालक रात में ट्रक को गांव के पास खड़ा करके घर सोने चला गया था। करीब 12 बजे ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ चौरी चौरा कुंदन सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
समय रहते बड़ा हादसा होने से टला
ग्रामीणों के बताया, ट्रक के आसपास घनी आबादी है। ऐसे में आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो गैस सिलेंडरों के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का आशंका
आग बुझाने के बाद ट्रक में लदे गैस सिलेंडरों को दूसरे ट्रक में लोड कर सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।इस सम्बंध में सीओ चौरी चौरा कुन्दन सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण व सभी तथ्यों की गहनता पूर्वक जांच कर पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्यवाही कर रही है।











