गोरखपुर में नाबालिग छात्रा से अश्लील बातचीत का ऑडियो वायरल: स्कूल प्रबंधक के बेटे पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोरखपुर|
स्कूल प्रबंधक के बेटे पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया हैं। पुलिस ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और कथित ऑडियो वायरल कर धमकी देने के मामले में विद्यालय प्रबंधक के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रतीक कुमार त्रिपाठी को शनिवार सुबह करीब 8:35 बजे देईडीहा चौराहे से पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ नाबालिग से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जायेगा।

पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष की एफआईआर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 74, 75(1), 76, 78(2), 79, 352 और 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी की।

छात्रा को भविष्य बनाने का लालच दे रहा था आरोपी

मामला करीब 29 सेकेंड के एक कथित ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सामने आया था। ऑडियो में एक व्यक्ति की आवाज को विद्यालय प्रबंधक के बेटे प्रतीक त्रिपाठी की बताई जा रही थी, जबकि दूसरी आवाज छात्रा की होने का दावा किया गया। ऑडियो में छात्रा से पढ़ाई और भविष्य बनाने का लालच देकर आपत्तिजनक मांग किए जाने की बात सामने आई थी।

स्कूल पहुंचक ग्रामीणों ने किया था घेराव

ऑडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर घेराव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने वायरल ऑडियो समेत पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।

आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह आरोपी को देईडीहा चौराहे से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक आशीष सिंह यादव, कांस्टेबल पिन्टु प्रसाद, रिजर्व कांस्टेबल पंकज गिरि और कांस्टेबल सुबेदार सिंह यादव शामिल रहे। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।