गोरखपुर स्टेशन पर 18 लाख रुपये लेकर पकड़ा गया युवक: नकदी का नहीं मिला कोई दस्तावेज, आयकर विभाग को दी गई सूचना

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने एक युवक के बैग से 18 लाख रुपये नकद बरामद किए। प्लेटफार्म नंबर तीन पर संदिग्ध अवस्था में मिले युवक से पुलिस ने रकम के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने नकदी कब्जे में लेकर युवक को हिरासत में ले लिया। मामले की सूचना आयकर विभाग के उपनिदेशक (जांच), गोरखपुर यूनिट को दी गई है।
यात्रियों की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए जीआरपी और आरपीएफ की टीम स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म तीन पर युवक संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके बैग में रुपयों की गड्डियां मिलीं। गिनती कराने पर कुल 18 लाख रुपये नकद निकले। युवक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा निवासी संजय कुमार के रूप में हुई।
बैंक रोड से रकम लेकर बिहार जाने की बात
पूछताछ में संजय कुमार ने बताया कि वह गोरखपुर के बैंक रोड स्थित अग्रसेन तिराहे के पास सतीश उपाध्याय नामक व्यक्ति से यह रकम लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस ने उससे 18 लाख रुपये के स्रोत और रकम से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। रकम को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने नकदी अपने कब्जे में ले ली और युवक को थाने ले गई।
आयकर जांच के बाद साफ होगी रकम की वजह
जीआरपी ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों के साथ आयकर विभाग को दी है। अब आयकर विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि 18 लाख रुपये किसके हैं और इन्हें गोरखपुर से बिहार क्यों ले जाया जा रहा था। पुलिस ने नकदी कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही संजय कुमार के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में जीआरपी थाना गोरखपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल आकाश सिंह, हेड कांस्टेबल बब्लू कश्यप, कांस्टेबल सुधीर यादव और कांस्टेबल दिलीप सोनी शामिल रहे।











