गोरखपुर में सोशल मीडिया पोस्ट पर पूर्व उपसभापति ने की शिकायत: इंस्टाग्राम पर मिली धमकी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

शाहपुर क्षेत्र में पूर्व उपसभापति एवं पार्षद प्रतिनिधि बृजेश सिंह उर्फ छोटू की शिकायत पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। राप्तीनगर निवासी बृजेश सिंह ने बरगदवा के विकास नगर जप्ती टोला निवासी रजत चौधरी पर राजनीतिक द्वेष के चलते उनकी छवि खराब करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बृजेश सिंह ने पुलिस को बताया कि रजत चौधरी उनके खिलाफ लगातार सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहे हैं। तहरीर में आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के कारण उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गई। रजत चौधरी पूर्व पार्षद जनार्दन चौधरी के बेटे हैं।
दो थप्पड़ में जमीन पर सुलाने की दी धमकी
शिकायत के मुताबिक, रजत चौधरी ने इंस्टाग्राम पर बृजेश सिंह के खिलाफ एक पोस्ट की। इसमें कथित तौर पर उन्हें दो थप्पड़ में जमीन पर सुलाने की धमकी दी गई। बृजेश सिंह ने पुलिस से पोस्ट पर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि इस तरह की सामग्री से उनकी सार्वजनिक छवि प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि भी सामने आई
बृजेश सिंह नगर निगम में कई बार पार्षद और उपसभापति रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी नगर निगम की उपसभापति होने के साथ राप्तीनगर की पार्षद हैं। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, उसमें इस्तेमाल भाषा और कथित धमकी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











