शेल्टर होम में महिला संग कमरा मांगने पहुंचे दो युवक: मना करने पर किया हंगामा, पुलिस ने एक को किया अरेस्ट

गोरखपुर|
मना करने पर किया हंगामा, पुलिस ने एक को किया अरेस्ट

शाहपुर क्षेत्र स्थित स्माइल शेल्टर होम में दो युवकों के पहुंचने से हंगामा हो गया। दोनों युवक एक कार सवार महिला के साथ पहुंचे थे और शेल्टर होम में कमरा देने की मांग कर रहे थे। संचालक और कर्मचारियों के इनकार करने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे तो एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा युवक और कार सवार महिला अलग-अलग वहां से निकल गए। पुलिस ने पकड़े गए युवक का शांतिभंग में चालान किया है।

स्माइल होम के संचालक कृष्ण पांडेय के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:40 बजे दो युवक शेल्टर होम में आए। दोनों ने खुद को मेल स्कॉर्ट बताया और कमरे की मांग की। बाहर एक महिला कार में बैठी थी। कमरा देने से इनकार करने पर दोनों युवकों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और धमकी देने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर एक युवक और महिला अलग-अलग भाग गए, जबकि दूसरे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक ने पूछताछ के दौरान बताया कि महिला ने ऑनलाइन संपर्क कर उसे मसाज सर्विस के लिए बुलाया था। यह बात सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आरोप यह भी है कि दोनों युवकों ने शराब पी रखी थी।

मानसिक रोगियों के लिए बना है शेल्टर होम

बशारतपुर में स्थित नगर निगम के रैन बसेरे को स्माइल शेल्टर होम के रूप में संचालित किया जा रहा है। यहां मानसिक रूप से बीमार लोगों को रखा जाता है। शेल्टर होम में छह बड़े हॉल समेत 15 कमरे हैं और वर्तमान में 16 मानसिक रूप से बीमार लोग रह रहे हैं। संचालक ने पादरी बाजार चौकी पर शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। कृष्ण पांडेय ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो युवक जानलेवा हमला कर सकता था। उन्होंने कहा कि स्माइल होम बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के आश्रय व सेवा के लिए संचालित है। इसके परिसर में किसी भी अनैतिक या अवैध गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी।

युवक का शांतिभंग में किया चालान

शाहपुर थाना प्रभारी अंजेय सिंह ने बताया कि रैन बसेरे से एक युवक को पकड़ा गया है। पूछताछ के बाद उसका शांतिभंग में चालान किया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के भी मौके पर होने की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक इसके कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।