गोरखपुर में हादसे में घायल छात्र ने तोड़ा दम: अस्पताल में चल रहा था इलाज, परिवार में छाया मातम

बांसगांव में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका गोरखपुर के राजवंशी हॉस्पिटल में उपचार चल रहा था। निधन की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बांसगांव के धोबहा घाट पर परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया।
नगर पंचायत बांसगांव के 42 पट्टी वार्ड नंबर 11 निवासी सीटू सिंह के पुत्र शिवम शारदा प्राइवेट आईटीआई, बकुलहा के छात्र थे। उन्होंने इसी वर्ष आईटीआई प्रथम वर्ष की परीक्षा पास की थी और द्वितीय वर्ष में दाखिला लिया था। शिवम पूर्व सभासद दीपू सिंह के भतीजे थे। उनके निधन की खबर से परिवार के साथ बांसगांव और आसपास के गांवों में शोक का माहौल रहा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिवम के पिता के दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे में एक बेटे को खोने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
नम आंखों से दी अंतिम विदाई
धोबहा घाट पर हुए अंतिम संस्कार में परिजन, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। शिवम को अंतिम विदाई देते समय सभी की आंखें नम थीं। घाट पर मौजूद लोगों के बीच पूरे समय शोक का माहौल बना रहा।











