गोरखपुर में तालाब में डूबने से युवक की हुई मौत: पैर फिसलते ही गहरे पानी में डूबा, मछली पकड़ने के दौरान गई जान

पिपराइच के बैलों गांव के सबहिया टोला में मंगलवार सुबह तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। रामलाल तालाब में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। रामलाल को तैरना नहीं आता था। उसे डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने तालाब में तलाश कर शव बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, रामलाल के तालाब में डूबने की जानकारी मिलते ही लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक तालाब में उसकी तलाश की। प्रयास के बाद शव बरामद कर बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मजदूरी कर चलाता था परिवार
रामलाल मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार में वही इकलौता कमाने वाला था। ऐसे में उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
आर्थिक मदद की मांग
ग्राम प्रधान संजय सिंह, ग्रामीण उदयभान सिंह समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन को जल्द मदद करनी चाहिए।











